शिलॉन्ग पुलिस की राजा और राज के परिवार से पूछताछ:इंदौर में ससुराल-मायके से जाना सोनम का व्यवहार, ऑफिस-गोदाम भी खंगाले

इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी मर्डर केस की जांच के लिए शिलॉन्ग पुलिस के 3 अधिकारी 17 जून से इंदौर में हैं। वे यहां इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम के साथ मिलकर पड़ताल कर रहे हैं। सबसे पहले टीम राजा के घर पहुंची थी। इसके बाद सोनम की मां और भाई से पूछताछ की।

इन अफसरों ने आरोपी राज कुशवाह के घर जाकर भी सवाल-जवाब किए। टीम देवास नाका स्थित उस फ्लैट पर भी गई, जहां राजा की हत्या के बाद सोनम रुकी थी।

सूत्रों के मुताबिक, जांच अधिकारियों की टीम ने इस दौरान सोनम के व्यवहार के बारे में सवाल पूछे थे। उन्होंने सोनम के मायके और ससुराल पक्ष से यह भी जाना कि उन्हें कभी इस तरह की आशंका हुई कि सोनम के मन में राजा की हत्या करने का विचार चल रहा है?

राजा के भाइयों- मां से दो घंटे तक बात की शिलॉन्ग पुलिस के 3 अफसर इंदौर क्राइम ब्रांच के साथ मंगलवार रात को राजा रघुवंशी के घर पहुंचे थे। यहां उन्होंने राजा के दोनों भाई सचिन और विपिन समेत मां उमा रघुवंशी से करीब 2 घंटे तक बात की। दैनिक भास्कर ने विपिन रघुवंशी से जाना कि पुलिस ने उनसे क्या सवाल किए और उन्होंने क्या जवाब दिए…

अधिकारी- सोनम के परिवार से कैसे मिले थे? जवाब- समाज का एप है, उसके माध्यम से सोनम के परिवार से हमारी जान-पहचान हुई थी। सोनम के परिवार वाले पहले हमारे घर पर आए थे। उसके बाद हम उनके घर पर गए थे। हमारी बातचीत जम गई तो हमने राजा का रोका सोनम से किया था।

अधिकारी- सोनम ससुराल में 4 दिन रुकी, आपको शक नहीं हुआ क्या? उसका व्यवहार कैसा था? जवाब- हमको कोई शंका नहीं थी। हमें ऐसा कुछ लगा ही नहीं।

अधिकारी- हनीमून पर जाने के लिए टिकट किसने बुक की? जवाब- हनीमून पर जाने के लिए टिकट सोनम ने बुक की थी। राजा के बैंक खाते से टिकट बुक नहीं हुई है। 16 मई को टिकट बुक की थी।

अधिकारी- क्या राजा कुछ सामान और पैसे-ज्वेलरी लेकर गया था? जवाब- सोनम ने राजा को बोला था कि गले में सोने की चेन पहनकर आना। राजा अपने साथ करीब 50 हजार रुपए लेकर गया था।

अधिकारी- शादी के बाद सोनम का बर्ताव कैसा था? जवाब- शादी के बाद सोनम का बर्ताव सामान्य ही लगा। ऐसा नहीं लगा कि वह कुछ प्लानिंग कर रही है।

अपने रूम में जाकर करती थी फोन पर बात विपिन ने कहा- जिस तरह के सवाल उन्होंने किए, उनसे लगा कि वे सोनम के व्यवहार के बारे में ही जानने आए थे। उन्होंने यह भी पूछा था कि सोनम फोन पर बात करती थी कि नहीं? वह यहां पर किस तरह रही?

पूछताछ में बताया कि मैं सोनम का जेठ होता हूं, इसलिए उसके सामने ज्यादा आ नहीं पाया। वह घूंघट में ही रहती थी। वह डाइनिंग टेबल पर बैठकर चैट करती थी। फोन आने पर अपने रूम में चली जाती थी।

सोनम से मिलना चाहते हैं राजा के परिजन राजा के भाई विपिन ने कहा- सोनम अभी भी पुलिस को गुमराह कर रही है। इस मामले में सच सामने आना बाकी है कि आखिर उसने राजा को क्यों मारा? जब भी सोनम इंदौर आएगी, उससे मिलकर पूछना चाहेंगे कि आखिर उसने राजा की हत्या क्यों की? उसकी क्या गलती थी?

पूछताछ के दौरान राजा के परिवार ने शिलॉन्ग पुलिस के अधिकारियों से भी सोनम से एक बार मिलवाने की कही है।

गोविंद बोला- सोनम का बिहेवियर जानने आए शिलॉन्ग पुलिस के अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीम जब सोनम के परिवार से पूछताछ कर बाहर निकले तो दैनिक भास्कर ने उसके भाई गोविंद से बात की। गोविंद ने कहा- वे सोनम के बिहेवियर के बारे में जानने आए थे। टीम ने सोनम का सामान भी देखा।

घर, दफ्तर के बाद गोडाउन भी पहुंची जांच टीम सोनम के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए जांच टीम उसके घर, दफ्तर के अलावा गोडाउन भी पहुंची। यहां दस्तावेज खंगाले। कर्मचारियों से बातचीत की। यहां से अधिकारी राज कुशवाह के घर गए और उसके परिजन से कुछ जानकारी हासिल की।