सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में SIR से जुड़े 7 न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की घटना पर नाराजगी जताई।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह घटना सोची-समझी और भड़काऊ लगती है। इसका मकसद न्यायिक अधिकारियों का मनोबल गिराना और चल रही चुनावी प्रक्रिया को बाधित करना है।
CJI सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमल्या बागची और जस्टिस विपुल एम पंचोली की बेंच ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था ढह गई है। बेंच ने राज्य के गृह सचिव, डीजीपी और अन्य अधिकारियों से उनकी निष्क्रियता पर जवाब मांगा।
दरअसल, 7 न्यायिक अधिकारी बुधवार को मालदा के बीडीओ ऑफिस पहुंचे थे। तभी वोटर लिस्ट में नाम कटने के विरोध में हजारों लोगों ने ऑफिस को घेर लिया। 7 अधिकारियों को रात 12 बजे तक बंधक बनाए रखा। उन्हें खाना पानी तक नहीं मिला।
बीती रात क्या हुआ, 5 पॉइंट में जानें….
1. समय: दोपहर 2:00 बजे; न्यायिक अधिकारी मालदा के BDO ऑफिस पहुंचे
एक अप्रैल को दोपहर 2 बजे के करीब 7 न्यायिक अधिकारी इलेक्शन ऑर्ब्जवर बनकर मालदा के माताबारी स्थित BDO ऑफिस पहुंचे। ये सभी अधिकारी SIR प्रोसेस से जुड़ा काम देख रहे थे।
2. समय: दोपहर 6:00 बजे; वोटर लिस्ट में नाम कटने को लेकर सैकड़ों प्रदर्शनकारी बाहर जमा
इलेक्शन ऑर्ब्जवर के ऑफिस पहुंचते की सूचना मिलते ही सैकड़ों स्थानीय लोग बाहर जमा हो गए। उन्होंने SIR में नाम कटने को लेकर प्रदर्शन किया।
3. समय: शाम 7 बजे; प्रदर्शनकारियों की ऑफिस के अंदर जाने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने ऑफिस का घेराव कर लिया। सभी 7 न्यायिक अधिकारियों को बाहर निकलने नहीं दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि वे अधिकारियों से अपनी बात रखना चाहते हैं। जिससे इनकार कर दिया गया।
4. समय: रात 11 बजे; पुलिस सुरक्षा में अधिकारी निकाले गए, गाड़ी रोकने की कोशिश
कई घंटों तक चले हंगामे के बाद प्रदर्शनकारी जब नहीं हटे तो पुलिस की मदद लेनी पड़ी। पुलिस सुरक्षा में अधिकारियों को बाहर ले जाया गया। इस दौरान भी रास्ते में बैरेकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की गई।
5. रात: 12 बजे; न्यायिक अधिकारी की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई, ईंट से हमला
जिस गाड़ी से न्यायिक अधिकारियों को बाहर निकाला गया। उस गाड़ी पर प्रदर्शनकारियों ने ईंट से हमला किया। गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए।