सहारनपुर के थाना जनकपुरी क्षेत्र में जमीन कब्जे के विवाद को लेकर पूर्व सभासद के साथ मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
मोजमपुरा जेल चुंगी निवासी 64 वर्षीय राजीव सोनकर पुत्र हरीचंद (पूर्व सभासद) ने न्यायालय एसीजेएम तृतीय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि आरोपी सुशील, अंतिश, अनिकेत, निवास उर्फ वंश, अमरीश व बसंत सभी निवासी जेल चुंगी मोजमपुरा, आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और जमीन कब्जाने का काम करते हैं। इनके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों और न्यायालय में कई मुकदमे भी चल रहे हैं।
पीड़ित के अनुसार, 6 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 2:30 बजे आरोपियों ने जबरन उसकी 4 इंच दीवार पर कब्जा कर अपने मकान का लिंटर डाल दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर उसके और परिवार के साथ मारपीट की, जिससे सभी को चोटें आईं। घटना की सूचना थाना जनकपुरी पुलिस को दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पीड़ित का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते उसी दिन शाम करीब 7:30 बजे सभी आरोपी फिर एकजुट होकर घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बचाव कराया। आरोप है कि जाते समय आरोपी हाथ की घड़ी, जेब में रखे करीब 3800 रुपए और जरूरी कागजात लूटकर ले गए तथा जान से मारने की धमकी दी।
राजीव सोनकर का कहना है कि घटना की लिखित शिकायत थाना अध्यक्ष जनकपुरी को दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी सुशील के खिलाफ पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं और वह खुलेआम धमकी देता है कि पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।
पीड़ित ने बताया कि 13 मार्च 2026 को एसएसपी को भी प्रार्थना पत्र भेजा गया, लेकिन वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। लगातार मिल रही धमकियों के कारण अब परिवार को घर बेचकर पलायन करने तक की नौबत आ गई है। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया।