बिहार में जीएसटी, वैट और अन्य स्रोतों से वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कुल 43,324.79 करोड़ रुपए का राजस्व संग्रह दर्ज किया गया, जो पिछले वित्त वर्ष के 41,623.96 करोड़ रुपये की तुलना में 4.09 प्रतिशत अधिक है। कर भवन में वित्त एवं वाणिज्य कर मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि दरों में कमी और चुनावी माहौल के बावजूद विभाग ने रिकॉर्ड संग्रह हासिल किया।
वाणिज्य कर विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह के अनुसार कुल संग्रह में जीएसटी मद से 32,801 करोड़ रुपए आए, हालांकि आईजीएसटी संतुलन में कमी के समायोजन के तहत 724 करोड़ रुपए की कटौती के बाद राज्य का जीएसटी संग्रह 32,077.22 करोड़ रुपए रहा। इसके बावजूद जीएसटी वृद्धि 9.20 प्रतिशत रही, जबकि राष्ट्रीय वृद्धि करीब छह प्रतिशत बताई गई; इसी आधार पर बिहार चौथे स्थान पर रहा। गैर-जीएसटी मद में 11,247.57 करोड़ रुपए और निबंधन विभाग ने लक्ष्य से अधिक 8,403.46 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त किया।