शाह बोले- 15 दिन बंगाल में रहूंगा:ममता को घर में हराना है, TMC को खाड़ी में फेंक दो; शाह को काले झंडे दिखाए

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज पश्चिम बंगाल के भवानीपुर में रोड शो किया। उन्होंने कहा- मैं अगले 15 दिन बंगाल में रहने वाला हूं। TMC को जड़ से उखाड़ फेंकने और उसे बंगाल की खाड़ी में फेंकने के लिए हर किसी को बिना किसी डर के वोट देना चाहिए। कोई भी गुंडा बंगाल के मतदाताओं को नहीं रोक सकता।

शाह का काफिला जब कालीघाट पहुंचा, जहां से ममता का घर कुछ ही दूर है वहां पर TMC कार्यकर्ता ने काफिले के सामने जय बांग्ला और ममता बनर्जी जिंदाबाद के नारे लगाए। सिर पर काला कपड़ा बांधे लोगों ने अमित शाह गो बैक के नारे लगाए और काले झंडे भी दिखाए।

इसके बाद टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं में झड़प होने लगी। हालात काबू करने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की और भीड़ पर कंट्रोल किया। इससे पहले शाह ने कोलकाता में रैली में कहा- सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन मैंने उनसे कहा कि सिर्फ नंदीग्राम में ही नहीं बल्कि हमें ममता को उनके घर में भी हराना होगा।

दरअसल, सीएम ममता पश्चिम बंगाल की भवानीपुर और नंदीग्राम सीट से चुनाव लड़ रही हैं। बीजेपी ने उनके खिलाफ सुवेंदु अधिकारी को दोनों सीट से मैदान में उतारा है।

चुनाव से जुड़े 3 बड़े अपडेट्स

  • मालदा की घटना पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि ममता बनर्जी के बयान इसके जिम्मेदार हैं।
  • केरलम चुनाव के लिए LDF और UDF ने घोषणापत्र जारी किया। कांग्रेस कई अन्य पार्टियों के साथ यूडीएफ गठबंधन में शामिल है।
  • मुस्लिम CM वाले बयान पर BJP ने कहा, अगर मुसलमान अपने में से किसी को नेता चुनते हैं, तो ममता की पार्टी को बंगाल में 30 सीटें भी नहीं मिलेंगी।