श्रीगंगानगर के स्टूडेंट की कनाडा में हार्ट अटैक से मौत हो गई। युवक टोरोंटो के ब्रैम्पटन शहर में पढ़ाई कर रहा था। परिवार के अनुसार हरप्रीत (26) की मौत 28 मार्च को हुई थी, लेकिन 12 दिन से वो बेटे की बॉडी के इंतजार में हैं।
परिवार को उम्मीद है कि गुरुवार शाम को उन्हें हरप्रीत की बॉडी मिल जाएगी। जिले के चक-8 क्यू के रहने वाले हरप्रीत सिंह का 5 अप्रैल को जन्मदिन था।
होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई करने गया था
हरप्रीत के दादा जगजीत सिंह ने बताया कि दो साल पहले हरप्रीत अपने चचेचे भाई के साथ स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। वो हैनसन कॉलेज में हॉस्पिटैलिटी एंड रेस्टोरेंट प्रोग्रामिंग की पढ़ाई कर रहा था।
कॉलेज में ही उसके सीने में दर्द हुआ था। उसके साथी स्टूडेंट उसे हॉस्पिटल ले गए थ। इलाज के दौरान हरप्रीत की मौत हो गई।
जगजीत सिंह ने रोते हुए बताया कि- जन्मदिन से कुछ दिन पहले ही वो हमें छोड़कर चला गया। परिवार को अब भी यकीन नहीं है कि वो जा चुका है।
कल अंतिम संस्कार करने की तैयारी में परिवार
परिजनों के अनुसार गुरुवार को दोपहर बाद हरप्रीत सिंह का शव कनाडा से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच जाएगा। दिल्ली से शव गुरुवार शाम को चक-8 क्यू लाया जाएगा। शुक्रवार को उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
लाइफ स्टाइल में बदलाव भी बड़ी वजह
एक्सपर्ट के अनुसार कम उम्र में हार्ट अटैक का प्रमुख कारण लाइफस्टाइल में बदलाव हे। दरअसल, आज-कल खाने में जंक फूड व हाई साल्टेड के साथ ही हाई ऑयल्ड खाना शामिल हैं।
इसके चलते ही न सिर्फ ब्लड गाढ़ा हो रहा है, बल्कि फैट भी बढ़ता जा रहा है। इसके अलावा पोस्ट कोविड के बाद इंफेक्शन और वायरल की वजह से भी कई बार ब्लड के गाढ़ा पड़ने व ब्लड सप्लाई में दिक्कत की बातें सामने आई हैं।
कम उम्र के लोगों में ये एक पोस्ट कोविड इफेक्ट का ट्रेंड बना है।