AAP मंत्री के घर 29 घंटे रेड,सट्टेबाजी कनेक्शन पर घिरे:अधिकारी बोले- मनी लॉन्ड्रिंग में सहायता करने का शक, ब्लैक मनी को व्हाइट करने का आरोप

पंजाब के कैबिनेट मिनिस्टर संजीव अरोड़ा घर और व्यापारिक संस्थानों पर करीब 29 घंटे तक ED की रेड चली। टीम ने संजीव अरोड़ा और उनके दो पार्टनरों व बेटे की फर्मों पर शुक्रवार सुबह 6:30 बजे रेड़ की थी, आज शनिवार सुबह करीब 11.50 बजे टीम उनके घर से निकली। मीडिया कर्मियों ने जब उनसे बात करने की कोशिश की तो वो बिना बताए ही कार में सवार होकर निकल गए।

संजीव अरोड़ा के घर के एक कर्मचारी ने कहा कि कल से रेड चल रही थी। 15 लोग आए थे। टीम ने पूरे घर में सर्च की। कल सुबह 6:30 बजे आए और आज 11.50 बजे आए हैं। रेड लुधियाना, जालंधर, गुरुग्राम और चंडीगढ़ में कुल 13 ठिकानों पर की गई।

ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि संजीव अरोड़ा पर अपने राजनीतिक प्रभाव के जरिए पंजाब में अवैध सट्टेबाजी (बैटिंग) संचालकों को संरक्षण देकर मुनाफे में हिस्सा लेने का शक है। उन पर यह भी आरोप है कि वे अपनी कंपनियों और कई एंट्री ऑपरेटरों का इस्तेमाल कर सट्टेबाजों के बेहिसाब पैसे को वैध निवेश में बदल रहे हैं।

वह मनी लॉन्ड्रिंग में सहायता कर रहे हैं। अरोड़ा की कंपनियां कई फर्जी निर्यात बिल बुक करने, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से फंड की राउंड-ट्रिपिंग करने और नॉन-एग्जिस्टेंट जीएसटी संस्थाओं से फर्जी खरीदारी दिखाने के मामले में भी जांच के दायरे में हैं।

लुधियाना और जालंधर में ED की रेड

जांच एजेंसी की टीमें शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे ही लुधियाना के गुरदेव नगर स्थित मंत्री के घर (कोठी नंबर- 3311) में पहुंच गईं थी। इसके बाद बाहर केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात कर अंदर-बाहर आने-जाने पर पाबंदी लगा दी गई। लुधियाना के अलावा जालंधर में भी रियल एस्टेट कारोबारी हेमंद सूद और चंद्रशेखर अग्रवाल के ठिकानों पर ED ने रेड की।

सूद हैम्पटन होम्स के डायरेक्टर हैं और संजीव अरोड़ा के करीबी माने जाते हैं। हेमंत सूद के लुधियाना में सराभा नगर स्थित कोठी नंबर 175-I पर भी रेड की। अग्रवाल की भी अरोड़ा के रियल एस्टेट कारोबार में पार्टनरशिप है। मंत्री और उनके पार्टनर्स के लुधियाना, जालंधर, गुरुग्राम और चंडीगढ़ स्थित कुल 13 ठिकानों पर ED की टीमों ने जांच की।

ED की रेड होते ही केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्‌टू ने सोशल मीडिया पर मंत्री संजीव अरोड़ा की फोटो लगाकर लिखा- सब फड़े जाणगे (सब पकड़े जाएंगे)। रेड के बाद CM भगवंत मान ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर कहा-

पिछले कुछ समय से लोकतंत्र का गला धीरे-धीरे काटा जा रहा है। नॉन बीजेपी सरकारों को तंग किया जा रहा है। डराने-धमकाने की राजनीति जारी है। BJP लोगों से नहीं बल्कि सीबीआई, ED, चुनाव आयोग या डराने वाले दफ्तरों के जरिए चुनाव जीतती है। मैं कहना चाहता हूं कि 2027 की तैयारी करनी है तो लोगों के बीच जाकर करो, ED या CD से नहीं।

वहीं, मंत्री संजीव अरोड़ा ने अपने X हैंडल पर लिखा- मैं देश का जिम्मेदार नागरिक हूं और एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करूंगा। मुझे विश्वास है कि सच्चाई सामने आएगी।

नीदरलैंड के दौरे पर मंत्री अरोड़ा

सूत्रों के मुताबिक संजीव अरोड़ा गुरुवार रात को इन्वेस्ट पंजाब के तहत निवेशकों से मुलाकात करने के लिए नीदरलैंड के दौरे पर रवाना हुए। वह एम्स्टर्डम में वहां के उद्यमियों से मुलाकात करेंगे और पंजाब में निवेश करने को लेकर चर्चा करेंगे।

ED रेड से जुड़े बड़े अपडेट्स…

  • केजरीवाल ने कहा- सत्ता के लिए ओछी राजनीति: AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कहा- AAP के नेता के यहां 3 दिन में ये दूसरी ED की रेड है। क्या प्रधानमंत्री बताएंगे कि अभी तक आप नेताओं के यहां जो इतनी सारी अनगिनत रेड की हैं, उनमे कितना काला पैसा मिला? एक रुपया भी मिला? पूरा देश देख रहा है कि आप केवल सत्ता के लिए कितनी ओछी राजनीति कर रहे हैं।
  • CM मान ने कहा- ये डिक्टेटरशिप: CM भगवंत मान ने चंडीगढ़ में कहा- चुनाव में अरोड़ा ने BJP को बुरी तरह हराया था। ये भाजपा की 2027 चुनाव की तैयारी है- ED, इनकम टैक्स, नोटिस भेजो और डराओ। BJP को इलेक्शन के लिए 117 लोग नहीं मिल रही है। यह कह रहे है कि या तुम चुनाव न लड़ो या हमारी वॉशिंग मशीन से निकलो। ऐसे केसों में निकलता कुछ नहीं है। यह डेमोक्रेसी नहीं यह डिक्टेटरशिप है। यह लोकतंत्र नहीं है।
  • बिट्‌टू बोले- राघव चड्‌ढा अब गवाह बने, सारे कारनामे बाहर आएंगे: केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू का कहना है कि संजीव अरोड़ा को इंडस्ट्रियल प्लाट मिले थे ताकि वो इंडस्ट्री लगाएं और लोगों को रोजगार दें। मगर उन्होंने उन प्लाटों को कॉमर्शियल कर दिया और वहां पर बड़े-बड़े टॉवर खड़े कर दिए और फ्लैट बेच दिए। राघव चड्‌ढा अब गवाह बना है। इनके सभी कारनामे बाहर आएंगे। राघव चड्‌ढा पर सभी ने मिलकर अटैक किया। मुख्यमंत्री से लेकर केजरीवाल तक सभी ने उसे घेरा। सीबीआई और ईडी सरकार के अधीन नहीं हैं।
  • 3 दिन में AAP नेता पर ED की दूसरी रेड: पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले AAP के किसी सीनियर नेता पर 3 दिन में यह दूसरी रेड है। इससे पहले AAP के राज्यसभा सांसद व लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और लवली ग्रुप के मालिक अशोक मित्तल के जालंधर, फगवाड़ा और गुरुग्राम के ठिकानों पर रेड हुई थी।
  • अरोड़ा पर पहले भी रेड हो चुकी: इससे पहले भी 7 अक्टूबर 2024 को भी संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ED रेड कर चुकी है। उस वक्त मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन धोखाधड़ी केस की जांच का दावा किया गया था। संजीव अरोड़ा पंजाब सरकार में अहम मंत्री हैं। उनके पास इंडस्ट्री और लोकल गवर्नमेंट का मंत्रालय है। पहले वह AAP से राज्यसभा सांसद थे। फिर 2025 में उन्होंने लुधियाना से विधानसभा उपचुनाव लड़ा। पहली बार MLA बनते ही वह मंत्री बन गए और उन्हें बड़े मंत्रालय सौंपे गए।