करनाल के सूरज हत्याकांड में खुलासा:रिमांड पर आरोपी बोला- भाई की मौत का बदला लिया; दो अवैध पिस्टल बरामद

करनाल जिले के गोंदर गांव में पुरानी रंजिश के चलते युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में खुद को कोर्ट में पेश करने वाला मुख्य आरोपी पुलिस रिमांड पर है। पूछताछ में सामने आया है कि हत्या बदले की भावना से की गई थी। पुलिस ने आरोपी से हथियार भी बरामद किए हैं और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

आरोपी से दो अवैध पिस्टल बरामद

निसिंग थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी कुलदीप को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने अपने भाई कपिल की हत्या का बदला लेने के लिए साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने कुलदीप के कब्जे से दो अवैध पिस्टल भी बरामद की हैं। अब उससे अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ जारी है।

एसपी करनाल के मार्गदर्शन में सीआईए और निसिंग पुलिस की पांच टीमें अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही हैं।