AAP ने जसकरण की गिरफ्तारी पर शिअद को घेरा:पन्नू बोले-छेड़खानी करने वालों को बनाया इंचार्ज; सुखबीर को बनाना चाहिए क्रिमिनल विंग

लुधियाना के हलका दाखा से शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज जसकरण सिंह की गिरफ्तारी को लेकर आम आदमी पार्टी ने सुखबीर बादल को घेरना शुरू कर दिया। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिअद पर गंभीर आरोप लगाए।

बलतेज पन्नू ने जससकरण सिंह की गिरफ्तारी पर कहा कि अकाली दल ने पहले गैंगस्टरों व चकला चलाने वालों को हलका इंचार्ज बनाया। अब तो उन्होंने बच्ची के साथ छेड़खानी करने वाले को भी हलका इंचार्ज बना दिया है।

पन्नू का आरोप है कि जसकरण सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया लेकिन अकाली दल ने अभी तक उसे न तो हलका इंचार्ज से सस्पैंड किया और नही पार्टी से। जिससे साफ है कि अकाली दल उसको समर्थन कर रहा है। खास बात यह है कि अकाली दल के किसी भी नेता ने इस पर अपना मुंह नहीं खोला है।

बलतेज पन्नू का कहना है कि बिक्रम सिंह मजीठिया हर पांच मिनट पर बुलेटिन जारी करता है। वो भी इस मामले में साइलेंट है। उनका कहना है कि सुखबीर बादल, मजीठिया व अन्य नेताओं ने कोई बयान जारी नहीं किया है।

बलतेज पन्नू ने कहा कि जसकरण सिंह ने जिस बच्ची के साथ बेहूदी हरकत की है पहले उसकी मां को बहला-फुसलाकर ले गया और उसकी पांच करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी हड़पी। बच्ची के पिता ने पुलिस को शिकायत दी है कि जसकरण सिंह उनकी पत्नी को बहलाफुसलाकर ले गया क्योंकि उसके नाम काफी प्रॉपर्टी थी।

उसका आरोप है कि जसकरण सिंह उसकी पत्नी के नाम पर जो 5 करोड़ की प्रॉपर्टी थी वो हड़प ली और अब उसकी बेटी के साथ ऐसी गंदी हरकत की है। उसका कहना है कि जब जसकरण सिंह पत्नी को लेकर गया तो वो चुप रह गया लेकिन अब उसकी बेटी के साथ ऐसी घिनौनी हरकत की तो वो चुप नहीं रहेगा।

शिअद एक पॉलिटिकल विंग अलग से बनाए

बलतेज पन्नू ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल ने पूर्व में गैंगस्टर के परिवार को विधानसभा उपचुनाव लड़वाया। उसके बाद गैंगस्टरों और उसके परिवारों को हलका इंचार्ज बनाया। यही नहीं मोगा में एक चकला चलाने वाले को हलका इंचार्ज बना दिया। अब बच्ची के साथ हीनियस क्राइम करने वाले को हलका इंचार्ज बनाया है। शिअद को एक ऐसी पॉलिटिकल विंग अलग से बना देनी चाहिए जिसमें 117 क्रिमिनल लोगों को रखकर विधानसभा चुनाव लड़ना चाहिए।

पंजाब को इनसे बचाओ

पन्नू ने कहा कि इन दिनों सुखबीर बादल पंजाब बचाओ की रैलियां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब बचाने की जरूरत नहीं है लेकिन पंजाब को शिअद के गैगस्टरों, चकला चलाने वालों व बच्चियों के साथ इस तरह की घिनौनी हरकत करने वालों से पंजाब को बचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अकाली दल ने अभी तक इतनी घिनौनी हरकत करने वाले को पार्टी से बाहर नहीं निकाला।