ट्विशा डेथ केसः सेलिना जेटली हुईं भावुक:कहा- चिता की राख भी ठंडी नहीं हुई, परिवार गुहार लगा रहा था और लोगों का ध्यान पौधों पर था

तलाक, घरेलु हिंसा, बच्चों की कस्टडी और भाई की रिहाई की लड़ाई लड़ रहीं सेलिना जेटली ने हाल ही में एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा डेथ केस में भावुक पोस्ट शेयर की है। उन्होंने इस मामले की तुलना अपने मामले से की। उन्होंने इसकी निंदा करते हुए ये भी कहा कि जिस समय तक ट्विशा की चिता की राख भी ठंडी नहीं हुई, तब कुछ लोग पौधों की चिंता कर रहे थे।

सेलिना जेटली ने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से ट्विशा शर्मा के लिए भावुक होकर लिखा, ‘शादी हमेशा खुशियों भरी नहीं होती। कभी-कभी सबसे बड़ा दर्द वही होता है, जिसे कोई देख नहीं पाता। ट्विशा शर्मा की दुखद कहानी ने पूरे देश को हिला दिया है। एक पढ़ी-लिखी, खूबसूरत और हुनरमंद लड़की, जिसकी जिंदगी घर के अंदर होने वाले दुख, अकेलेपन और हिंसा में फंस गई।’

आगे उन्होंने लिखा, ‘जब उसकी चिता की राख भी ठंडी नहीं हुई थी, जब उसका दुखी परिवार अपनी बेटी के लिए जवाब, पोस्टमार्टम और इंसाफ की गुहार लगा रहा था, तब लोगों का ध्यान पौधों को पानी न देने जैसी बातों पर चला गया। यह देखकर इस दर्दनाक घटना को देख रहे बहुत से लोग अंदर तक हिल गए।’

यही अत्याचार की सबसे डरावनी बात है। धीरे-धीरे एक महिला का दर्द लोगों के लिए आम बात बन जाता है, और फिर उसकी तकलीफ किसी को दिखाई नहीं देती। हर दर्द शरीर पर चोट के निशान नहीं छोड़ता।’

ट्विशा केस की तुलना सेलिना जेटली ने अपनी जिंदगी से की। उन्होंने लिखा, ‘मेरे साथ भी ऐसा हुआ था। मेरे माता-पिता नहीं रहे थे, मैं आर्थिक रूप से मजबूत नहीं थी, और मेरे तीन छोटे बच्चे थे। बहुत सी महिलाओं की तरह मैं भी रिश्ते में इसलिए बनी रही क्योंकि मुझे लगा परिवार को बचाना जरूरी है। मैं नहीं चाहती थी कि मेरे बच्चों को तकलीफ हो। मेरे पास मदद मांगने के लिए कोई नहीं था, और मैं अपनी सच्चाई बताने से डरती थी।’

आगे उन्होंने लिखा, ‘समय के साथ इंसान और अकेला महसूस करने लगता है। धीरे-धीरे वह खुद पर भी शक करने लगता है। फिर सिर्फ जिंदा रहना ही जिंदगी लगने लगता है। मेरा दिल ट्विशा शर्मा के परिवार और हर उस महिला के साथ है जो चुपचाप दर्द सह रही है। माता-पिता, दोस्त और परिवार से एक विनती है, अगर आपकी बेटी मदद मांगे, तो उसे अपने पास वापस ले आइए। उसे अकेले मत छोड़िए।’

सेलिना ने पति पर लगाए घरेलु हिंसा के आरोप

सेलिना ने साल 2010 में ऑस्ट्रियाई बिजनेसमैन पीटर हाग से शादी की थी।

सेलिना ने पिछले साल नवंबर 2025 में अंधेरी कोर्ट में पीटर के खिलाफ घेरुल हिंसा समेत कई आरोप में मामला दर्ज कराया था। उन्होंने मुआवजे के तौर पर 50 करोड़ रुपये की मांग की है। मुंबई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि पीटर जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं, इसीलिए उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है ताकि उन पर नजर रखी जा सके।

आरोप हैं कि शादी के तुरंत बाद ही उनके साथ दुर्व्यवहार और उत्पीड़न शुरू हो गया था। सेलिना ने बताया कि वह अपने पड़ोसियों की मदद से चुपचाप उस अपमान और डर के माहौल से बचकर निकली थीं।

15 साल की शादी में उनसे उनकी मेहनत की कमाई और प्रॉपर्टी छीनने की कोशिश की गई और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उनके पति ने बच्चे भी अपने पास रख लिए हैं और सेलिना को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। सेलिना ने ये भी आरोप लगाए कि पति ने धोखे में रखकर उन्हें तलाक को नोटिस भेजा।

हाल ही में मामले की सुनवाई के लिए ऑस्ट्रिया गई थीं। तब भी उनकी बच्चों से मुलाकात नहीं हो सकी। सेलिना के तीन बच्चे हैं, जबकि एक बच्चे का निधन हो चुका है। बच्चों से न मिल पाने के बाद सेलिना दिवंगत बेटे की कब्र पर जाकर फूट-फूटकर रोईं।

बता दें कि सेलिना जेटली ने 2010 में पीटर हाग से शादी की थी। सेलिना ने 2012 में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। 5 साल बाद उन्हें फिर जुड़वां बच्चे हुए, जिनमें से एक की हाइपोप्लास्टिक हार्ट कंडीशन के चलते मौत हो गई। फिलहाल सेलिना के तीन बच्चे विंस्टन, विराज और आर्थर हैं।