दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह LPG सिलेंडर में ब्लास्ट होने से एक मंजिला मकान ढह गया। दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, घटना सुबह 9:37 बजे की है। सूचना मिलने के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और अभियान शुरू किया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, मकान के मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। घटनास्थल पर 5 दमकल भेजे गए हैं। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
पश्चिम बंगाल में सिग्नेचर फर्जीवाड़ा मामले की जांच कर रही CID ने अब तक TMC के 13 विधायकों के बयान दर्ज किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, तीन विधायकों ने कहा है कि 6 मई की बैठक के रजिस्टर में मौजूद सिग्नेचर उनके नहीं हैं। CID ने TMC सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को नोटिस भेजकर बैठक का रजिस्टर पेश करने को कहा है।
मामला विधानसभा में विपक्ष के नेता, उपनेता और चीफ व्हिप की नियुक्ति से जुड़े प्रस्ताव में कथित गड़बड़ी और फर्जी सिग्नेचर के आरोपों से जुड़ा है। दो TMC विधायकों ने दावा किया था कि 6 मई को ऐसी कोई बैठक नहीं हुई थी। उनका कहना है कि उन्होंने रजिस्टर पर 19 मई को सिग्नेचर किए थे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 6 मई की तारीख वाला प्रस्ताव बाद में तैयार किया गया और उसमें कई सिग्नेचर ब्लॉक लेटर में किए गए। विधानसभा के प्रधान सचिव की शिकायत के बाद 27 मई को धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया था। अगले दिन CID ने जांच शुरू कर दी।श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रनवे की मरम्मत और री-सर्फेसिंग के काम के चलते 1 जुलाई से 30 सितंबर तक हर सोमवार और मंगलवार को उड़ान सेवाएं बंद रहेंगी। अधिकारियों के अनुसार, इस फैसले से करीब 2 लाख यात्रियों के प्रभावित होने की आशंका है। वर्तमान में श्रीनगर एयरपोर्ट पर प्रतिदिन 35 से 40 उड़ानें संचालित होती हैं। फिलहाल भी मरम्मत कार्य के कारण उड़ानों का संचालन सीमित समय के लिए किया जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त पांच नए जज आज शपथ लेने वाले हैं। चीफ जस्टिस (CJI) सूर्य कांत इन पांचों नए जजों को पद की शपथ दिलाएंगे। इस शपथ ग्रहण के बाद सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 37 हो जाएगी, जो कि स्वीकृत संख्या (38) से केवल एक कम है।
केंद्र सरकार ने सोमवार को वरिष्ठ अधिवक्ता वेंकिता सुब्रमणि मोहना, बॉम्बे हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस श्री चंद्रशेखर, पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस शील नागू, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा, और जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस अरुण पल्ली को सुप्रीम कोर्ट का जज नियुक्त करने की मंजूरी दी थी।