ड्रोन शो में देखिए शिव महिमा, स्विस कॉटेज में आराम:CM सम्राट के गृह क्षेत्र में खास होगा सावन मेला, स्पेशल ट्रेन-बस, जानिए क्या हैं इंतजाम

30 जुलाई से 28 अगस्त तक सावन है। इस दौरान भागलपुर के सुल्तानगंज में मेला लगता है। भक्त बाबा अजगैबीनाथ मंदिर में पूजा करते हैं। उत्तरवाहिनी गंगा का जल भरते हैं और कांवड़ लेकर 117 किलोमीटर लंबी यात्रा पर निकल जाते हैं।

भक्त झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जल चढ़ाते हैं। बिहार से झारखंड तक पूरे रास्ते मेला लगता है। सीएम सम्राट चौधरी के गृह क्षेत्र में होने चलते इस साल सुल्तानगंज में लगने वाले सावन मेला को खास बनाने की तैयारी है।

भक्त लेजर और ड्रोन शो में भगवान शिव की महिमा देखेंगे। ठहरने के लिए आलीशान होटल जैसी सुविधाओं वाला स्वीस कॉटेज बनाया जा रहा है। सुल्तानगंज तक स्पेशल ट्रेनें और बसें चलाई जाएंगी।

लेजर-ड्रोन शो में देखिए भगवान शिव की महिमा

कांवड़ियों के ठहरने के लिए मेला क्षेत्र में कई स्थानों पर टेंट सिटी का निर्माण कराया जा रहा है। धौरी, असरगंज जैसी जगहों पर पहली बार टेंट सिटी का इंतजाम किया जा रहा है। कांवड़ यात्रा के समय बारिश होती है। इसका ख्याल रखते हुए बेहतर व्यवस्था की जा रही है।

  • शौचालय, स्नानघर, शुद्ध पेयजल, निर्बाध बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं होगी, कांवड़ स्टैंड, सूचनाएं और मनोरंजन की व्यवस्था होगी।
  • इस बार खास यह होगा कि सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ मंदिर से बिहार सीमा दुम्मी तक मेला पथ में लाइट एंड साउंड शो, फाउंटेन शो, लेजर शो और ड्रोन शो का इंतजाम किया जा रहा है। इनमें भगवान शिव की महिमा बताई जाएगी। बिहार पर्यटन विकास निगम की ओर से मोटिफ थीम यह आयोजन होगा।
  • मेला के दौरान नमामि गंगे सीढ़ी घाट और मंदिर सीढ़ी घाट को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। भगवान शिव के साथ ही उनके त्रिशूल, डमरू, ओम कांवड़ और गंगा से जुड़े विभिन्न प्रतीकों को रोशनी से सामने रखा जाएगा। इससे घाट की भव्यता देखते बनेगी।
  • जीविका दीदी संभालेंगी रसोई

    इस बार सभी टेंट सिटी में जीविका दीदी की रसोई का इंतजाम किया जा रहा है। टेंट सिटी में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हर सोमवार को राज्य स्तर के कलाकार परफॉर्म करेंगे।

    शुभारंभ और समापन के दिन राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों को बुलाया गया है। बाकी दिनों में जिला स्तर के कलाकारों की प्रस्तुति होगी।

    बनाए जा रहे 25 स्विस कॉटेज, मिलेगी होटल जैसी सुविधा

    इस बार मेला क्षेत्र में स्विस कॉटेज का भी निर्माण कराया जा रहा है। इसमें आलीशान होटल जैसी सुविधाएं मिलेंगी। गद्देदार बिस्तर के अलावा पंखा, कूलर-एसी और पावर बैकअप की व्यवस्था होगी।

    कॉटेज के अंदर साफ-सुथरा आधुनिक शौचालय व बाथरूम होगा। कॉटेज वाटरप्रूफ और विंड रेसिस्टेंट होगा। खराब मौसम में भी श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं होगी। वीआईपी व आम कांवड़ियों के लिए इसे तैयार कराया जा रहा है।

    कांवड़ पथ पर बालू बिछेगा, जख्मी नहीं होंगे भक्तों के पांव

    पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने मेला की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए समीक्षा बैठक की। इसमें विभाग के सीनियर अधिकारी, जीविका के सीईओ और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भागलपुर, मुंगेर व बांका के डीएम शामिल हुए।

    पर्यटन सचिव ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ियों को आवश्यक सुविधाएं देने के लिए तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करें। मेला क्षेत्र में सफाई और बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था होनी चाहिए।

    कांवड़ियों के लिए सभी महत्वपूर्ण मोबाइल नंबरों वाले साइनेज पूरे कांवड़िया पथ पर लगाए जाएं और सड़क पर समय से बालू बिछाने का काम पूरा करें। कांवड़ लेकर भक्त नंगे पैर चलते हैं। बालू होने से उनके पांव घायल नहीं होंगे। सचिव ने गंगा घाट के पास कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए विशेष बैरिकेडिंग करने के भी निर्देश दिए।

  • श्रावणी मेला के लिए चलेंगी ये स्पेशल ट्रेनें

    • 03001/03002 श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन: आसनसोल-जसीडीह-झाझा-किउल-शेखपुरा-अस्थावां-बिहार शरीफ-राजगीर के रास्ते हावड़ा और नटेसर के बीच चलेगी।
    • 03001 हावड़ा-नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल: 5 जुलाई से 29 सितंबर तक सप्ताह के प्रत्येक रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को हावड़ा से 23.50 बजे खुलकर अगले दिन 05.10 बजे जसीडीह, 08.10 बजे किउल, 08.45 बजे शेखपुरा, 09.25 बजे अस्थावां, 09.50 बजे बिहार शरीफ, 10.40 बजे नालंदा एवं 11.05 बजे राजगीर रुकते हुए 12.00 बजे नटेसर पहुंचेगी।
    • 03002 नटेसर-हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल: 6 जुलाई से 30 सितंबर तक सप्ताह के प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शनिवार को नटेसर से 13.00 बजे खुलकर 13.20 बजे राजगीर, 13.43 बजे नालंदा, 14.05 बजे बिहारशरीफ, 14.55 बजे अस्थावां, 16.03 बजे शेखपुरा, 17.10 बजे किउल, 20.25 बजे जसीडीह रुकते हुए अगले दिन 04.30 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
    • रेलवे की ओर से दानापुर और साहिबगंज के बीच 5 श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा।
    • 13236/13235 दानापुर-साहिबगंज-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस
    • 03236 दानापुर-साहिबगंज श्रावणी मेला स्पेशल: प्रत्येक रविवार को दानापुर से 05.15 बजे प्रस्थान कर 10.45 बजे सुल्तानगंज सहित अन्य स्टेशनों पर रुकते हुए 13.45 बजे साहिबगंज पहुंचेगी ।
    • 03235 साहिबगंज-दानापुर श्रावणी मेला स्पेशल: प्रत्येक रविवार को साहिबगंज से 15.20 बजे खुलकर विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए 00.30 बजे दानापुर पहुंचेगी।
    • 03001/03002 हावड़ा-नटेसर-हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल: आसनसोल-जसीडीह-झाझा-किउल-शेखपुरा-अस्थावां-बिहार शरीफ-राजगीर के रास्ते हावड़ा और नटेसर के बीच चलने वाली ट्रेन बरबीघा स्टेशन पर रुकेगी।
    • 03001 हावड़ा-नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल: 09.08 बजे बरबीघा पहुचेगी और यहां से 9.10 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी।
    • 03002 नटेसर-हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल: 15.10 बजे बरबीघा पहुंचेगी और 2 मिनट के बाद 15.12 बजे आगे की यात्रा के लिए प्रस्थान करेगी।

    सुल्तानगंज से देवघर के लिए चलाई जाएंगी 12 से अधिक बसें

    बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से सुल्तानगंज से देवघर के लिए 12 से अधिक बसें चलाई जाएंगी।

    निगम से जुड़े अधिकारी पवन शांडिल्य ने बताया, ‘पिछली बार 10 बसें सुल्तानगंज से देवघर के लिए चलाई गई थीं। इस बार 10 से अधिक बसें चलाई जाएंगी। यह संख्या 12 या 15 तक हो सकती हैं। निगम की तैयारी है कि 30 जुलाई से पहले कांवड़ियों को उपलब्ध करा दी जाए।’

    भक्ति गीतों से कांवड़ियों का मनोरंजन करेंगे लोक गायक: केदार गुप्ता, पर्यटन मंत्री

    भास्कर ने बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता से बात की। उन्होंने कहा, ‘कांवड़ियों के लिए भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तर के लोक गायकों के अलावा बाहर से भी गायक आएंगे और भक्ति गीतों का कार्यक्रम होगा।’

    ‘कांवड़ियों को किसी तरह की दिक्कत नहीं हो इसका खास ख्याल रखा जा रहा है। उनके ठहरने के लिए बेहतर इंतजाम कराए जा रहे हैं। भागलपुर, मुंगेर और बांका जिला के कांवड़िया पथ के सुल्तानगंज कांवड़िया पथ के पहलेजा घाट, आरडीएस कॉलेज, बिठौली, तुर्की, गरौल और रजला में सभी सुविधाओं से युक्त टेंट सिटी बनाए गए हैं।’