सोनम वांगचुक गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में एडमिट:बाहर हरियाणा-दिल्ली पुलिस की थ्री लेयर सिक्योरिटी; केंद्रीय मंत्री नड्‌डा-जितेंद्र सिंह ने हालचाल जाना

लद्दाख के मुद्दों और छात्रों के समर्थन में पिछले 25 दिनों से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार शाम करीब साढ़े 7 बजे दिल्ली पुलिस की टीमें उन्हें सफदरजंग अस्पताल से यहां लेकर पहुंचीं।

अस्पताल में थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां हरियाणा और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात हैं। मरीजों और उनके तीमारदारों को भी चेकिंग के बाद ही अस्पताल में प्रवेश दिया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, सरकार ने वांगचुक से बातचीत की पहल की है। मंगलवार रात केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने ICU-8 में भर्ती वांगचुक से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

फिलहाल अस्पताल की ओर से वांगचुक का कोई हेल्थ बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, सीनियर डॉक्टर सुशील कटारिया की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

अब जानिए थ्री लेयर सिक्योरिटी में क्या…

  • पहली लेयर: अस्पताल के मेन गेट पर हॉस्पिटल की सिक्योरिटी और गुरुग्राम पुलिस तैनात है। यहां आने वाले हर व्यक्ति की जांच के बाद ही अस्पताल में प्रवेश दिया जा रहा है।
  • दूसरी लेयर: अस्पताल परिसर में जिस बिल्डिंग में सोनम वांगचुक भर्ती हैं, उसके बाहर हरियाणा और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। इस बिल्डिंग में केवल भर्ती मरीजों और तय समय पर उनके एक तीमारदार को ही प्रवेश की अनुमति है। पहले आमतौर पर एक मरीज के साथ 2-3 तीमारदार अंदर चले जाते थे, लेकिन अब सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
  • तीसरी लेयर: बिल्डिंग के उस फ्लोर पर सुरक्षा का तीसरा घेरा बनाया गया है, जहां सोनम वांगचुक भर्ती हैं। यहां पुलिस की निगरानी के साथ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रही है। मेदांता अस्पताल की ओर से जल्द ही उनका हेल्थ बुलेटिन जारी किया जाएगा।
  • गुरुग्राम में कांग्रेस नेताओं को किया हाउस अरेस्ट

    सोनम वांगचुक के गुरुग्राम शिफ्ट होने का असर स्थानीय राजनीति पर भी दिखने लगा है। वांगचुक के समर्थन में कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन या उनसे मुलाकात की आशंका को देखते हुए पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई की। कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर समेत 10 से अधिक वरिष्ठ नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया गया।

    पुलिस ने इन सभी नेताओं को लिखित नोटिस जारी कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मेदांता हॉस्पिटल की ओर मार्च या प्रदर्शन नहीं करने की सख्त हिदायत दी है।

    कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पंकज डावर ने कहा, “आज पूरे देश में तानाशाही का माहौल है। जंतर-मंतर पर लाखों की संख्या में युवा शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने पहुंचे थे, लेकिन सरकार ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए उन पर लाठीचार्ज कराया। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मोर्चा खोला है। सरकार छात्रों की आवाज से डर रही है, इसलिए पुलिस का सहारा लेकर उन्हें दबाने की कोशिश कर रही है।”