भरतपुर में चीन से MBBS कर लौटे स्टूडेंट ने सुसाइड कर लिया। गुरुवार शाम उसका शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना मथुरागेट थाना इलाके के राजेंद्र नगर की गुरुवार शाम की है।
घटना के समय मां दूध लेने बाहर गई थी। फिलहाल सुसाइड की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजेंद्र नगर निवासी अनुराग (28) फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जाम (FMGE) की तैयारी कर रहा था। अनुराग के पिता अशोक अलवर में डेंटिस्ट के पद पर कार्यरत हैं।
पिता बोले- पढ़ाई में होशियार था
अनुराग इसी साल चीन से MBBS की पढ़ाई पूरी कर लौटा था। पिता डॉ. अशोक ने बताया- गुरुवार शाम को अनुराग की मां दूध लेने घर से बाहर गई थीं। मैं अलवर में नौकरी पर था। इस दौरान अनुराग घर पर अकेला था।
जब मां लौटी तो अनुराग का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी।
पिता बोले- अनुराग पढ़ाई में काफी होशियार था। समझ नहीं आ रहा कि उसने सुसाइड जैसा कदम क्यों उठाया।
मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
मथुरागेट थाना ASI ताराचंद ने बताया- परिजनों ने फंदा लगाकर सुसाइड करने की जानकारी दी है। गुरुवार शाम करीब 6 बजे शव को भरतपुर के जिला अस्पताल लाया गया था। शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम कराया गया। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मौत के कारणों की जांच की जा रही है।