बहरोड़ में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर जागुवास फ्लाईओवर पर रविवार को केमिकल से भरा मिनी ट्रक पलट गया। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
घटना बहरोड़ क्षेत्र में जागुवास फ्लाईओवर के ऊपर रविवार को हुई। ट्रक उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से केमिकल लेकर जयपुर जा रहा था।
कार्यवाहक थानाधिकारी बलराम यादव ने बताया – घायल ड्राइवर को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और उपचार जारी है।
केमिकल रिएक्शन की आशंका के चलते किया छिड़काव
हादसे के बाद एहतियात के तौर पर दमकल कर्मियों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन पर लगातार पानी का छिड़काव किया, ताकि आग लगने या रासायनिक प्रतिक्रिया की आशंका को रोका जा सके। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रक को आबादी क्षेत्र से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गांव शेरपुर के पास एक खुली जगह पर सुरक्षित खड़ा किया गया। ट्रक में किस प्रकार का केमिकल भरा था, इसकी जानकारी जुटाने के लिए ट्रक मालिक से संपर्क किया गया है।
मौके पर पहुंचे कई अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही बहरोड़ कार्यालय के कानूनगो, पटवारी, कार्यवाहक थानाधिकारी बलराम यादव, सदर थानाधिकारी मनोहर सिंह और डीएसपी सचिन शर्मा सहित दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की और हाईवे पर यातायात को सुचारु रूप से संचालित कराया।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे दुर्घटनास्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।