जैसलमेर में 6 दिन बाद ABVP का अनशन खत्म:बीजेपी नेताओं ने जूस पिलाया, गलत व्यवहार के लगाए आरोप; कोतवाली SHO का ट्रांसफर

जैसलमेर शहर कोतवाली थाने के बाहर पिछले छह दिनों से चल रहा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का धरना और अनिश्चितकालीन अनशन शनिवार देर रात समाप्त हो गया। जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) की ओर से जारी आदेश में शहर कोतवाली SHO सुरजाराम का जैसलमेर से पाली जिले में तबादला कर दिया गया। तबादले का आदेश सामने आते ही बीजेपी नेताओं की मौजूदगी में छात्र नेताओं को जूस पिलाकर अनशन खत्म कराया गया।

शहर कोतवाल और हेड कॉन्स्टेबल पर लगाए थे दुर्व्यवहार के आरोप

ABVP कार्यकर्ता शहर कोतवाल सुरजाराम और हेड कॉन्स्टेबल दीपेंद्र सिंह पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए थाने के बाहर धरने पर बैठे थे। मांग पूरी नहीं होने तक छात्र नेताओं ने अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया था। छात्र नेता महेंद्र सिंह मंगलवार से और करणपाल सिंह बुधवार से भूख हड़ताल पर बैठे हुए थे।

आईजी के तबादला आदेश के बाद खत्म हुआ आंदोलन

लगातार छह दिन तक चले आंदोलन के बाद शनिवार रात जोधपुर रेंज के आईजी सत्येन्द्र सिंह की ओर से प्रशासनिक आधार पर कई पुलिस निरीक्षकों के तबादले किए गए। इनमें शहर कोतवाल सुरजाराम का नाम भी शामिल था। तबादले की सूचना मिलते ही धरना स्थल पर खुशी का माहौल बन गया।

बीजेपी नेताओं ने जूस पिलाकर खत्म कराया अनशन

शनिवार रात धरना स्थल पर पहुंचे बीजेपी नेता सवाई सिंह गोगली, नगर मंडल अध्यक्ष अरुण पुरोहित, सुनीता भाटी, छुग सिंह सोढ़ा सहित कई स्थानीय नेताओं ने अनशनकारी छात्र नेताओं को जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे छात्रों के संघर्ष और एकजुटता की जीत बताया। वहीं, प्रशासनिक तबादला आदेश के बाद थाने के बाहर सामान्य स्थिति बहाल हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रेंज स्तर पर किए गए ये तबादले नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं।