झारखंड में PSC समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी का विरोध कर रहे छात्रों को सरकार ने बातचीत का प्रस्ताव दिया है। छात्र इसके लिए तैयार हो गए लेकिन उन्होंने एक शर्त भी रख दी है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद बात करें और इस दौरान कम से कम दो मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहें। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना दे रहे छात्र नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि बुधवार को सरकार का प्रस्ताव लेकर आए SDO ने छात्र प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के नाम मांगे हैं। इसके बाद बैठक की तारीख और समय तय होगा।
छात्रों का यह भी आरोप है कि सरकार सिर्फ 5 सदस्यीय टीम बुलाकर आंदोलन को कमजोर करना चाहती है। देवेंद्र नाथ महतो समेत 6 छात्र अनशन पर हैं। वे मामले में CBI-ED जांच की मांग कर रहे हैं।
CID ने बुधवार देर रात पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें परीक्षा संचालन करने वाली आउटसोर्स एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के अकाउंटेंट रक्षक सिंह भी शामिल हैं। अब तक 19 लोगों की पकड़े जा चुके हैं।
छात्र क्यों कर रहे हैं आंदोलन
2 जुलाई को झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी किया था। इसमें 2,204 उम्मीदवार मुख्य परीक्षा के लिए चुने गए। इसके बाद 18 से 20 जुलाई के बीच मेंस परीक्षा होनी थी।
रिजल्ट आने के बाद कई उम्मीदवारों ने गड़बड़ी के आरोप लगाए। उनका कहना था कि कट-ऑफ जारी नहीं की गई। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक उम्मीदवार की कथित OMR शीट वायरल हुई।
दावा किया गया कि उसने सिर्फ 48 सवाल हल किए, फिर भी वह मेंस के लिए चुन लिया गया। वहीं, रिजल्ट पर आयोग के अधिकारियों के हस्ताक्षर नहीं होने को लेकर भी सवाल उठे। विवाद बढ़ने के बाद JPSC ने मेंस परीक्षा रद्द कर दी।
छात्र आंदोलन से जुड़े कल के बड़े अपडेट्स
- मुख्यमंत्री की वार्ता का संदेश लेकर एसडीओ कुमार रजत और एडीएम धनंजय कुमार बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने छात्रों को सीएम का संदेश दिया।
- सीएम ने छात्रों से बातचीत के लिए चार मंत्रियों की कमेटी बनाई। इसमें उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, कल्याण मंत्री चमरा लिंडा और उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव को शामिल किया गया है।
- सीएम ने बुधवार दोपहर अपने आवास पर इन मंत्रियों के साथ बैठक की। इसमें छात्रों से बातचीत पर चर्चा हुई। इसके बाद छात्र नेताओं को बातचीत का बुलावा भेजा गया। लेकिन वार्ता पर सहमति नहीं बन सकी।
- छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने 2 अगस्त से अन्न-जल छोड़ रखा था। सोनम वांगचुक ने देवेंद्र से वीडियो कॉल पर बात की। उनकी अपील पर देवेंद्र नाथ महतो ने पानी पिया, लेकिन कहा कि उनका अनशन जारी रहेगा।