अभय चौटाला बोले- अभिमन्यु-धनखड़ के बाद अब किसका टंगेगा कुर्ता-पयजामा:पानीपत में BJP प्रदेशाध्यक्ष पर पलटवार; कहा- ऐसी महिला, बात करने की तमीज नहीं

BJP की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के विशेष वर्ग के कुर्ता खूंटी पर लटकाने वाले बयान पर पलटवार करते हुए इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला ने कहा कि पानीपत के लोगों को शर्मिंदा होना पड़ता है कि उनके यहां एक ऐसी महिला है, जिसे बात भी करने की तमीज नहीं है।

जिस जाति विशेष की वो बात करती है, वो जाति विशेष इस देश-प्रदेश का अन्न दाता है। वो जाति विशेष इस देश की रक्षा करने वालों के नामों में शामिल हैं। ये जाति विशेष के लोग इस देश को खेलों में सबसे ज्यादा मेडल देने का काम करते हैं। हम इस देश का सम्मान बढ़ाते हैं। हमें छेड़ो मत, नहीं तो बहुत परेशानी होगी।

जब अर्चना गुप्ता यहां आएंगी, तो उनसे पूछा कि तुमने अभिमन्यु के कुर्ता-पयजामे खुंटी पर लटकवा दिए। ओपी धनखड़ के लटकवा दिए। और किस-किस के कुर्ता-पयजामे लटकवाने हैं, वो बता दें। हैरानी की और शर्म की बात है कि ढांडा जैसा व्यक्ति अर्चना के साथ खड़े थे। वो हमारी जाति विशेष पर टिप्प्णी कर रहीं और ढांडा (महिपाल ढांडा) हंस रहें।

इससे ज्यादा शर्म की बात और कुछ हो नहीं सकती। हमारी कौम को इससे ज्यादा शर्मिंदा और कोई नहीं कर सकता है।

मैं जाट के घर पैदा हुआ, मुझे गर्व है

अर्चना कहती है कि मैं जाट के घर पैदा हुई हूं, तो उसे लिखना चाहिए कि मैं जाट हूं, कहना चाहिए, संकोच नहीं करना चाहिए। मेरे से कोई पूछ लें, तो मैं कहूंगा कि मेरी जाति जाट है, मैं जाट के घर पैदा हुआ हूं और मुझे गर्व है, लेकिन मैं जाट के घर पैदा होकर 36 बिरादरी के लोगों को चौधरी देवी लाल की रणनीति के मुताबिक सभी को साथ लेकर चलने की सोच रहती है।

पहले जानिए, अर्चना गुप्ता का विशेष वर्ग वाला बयान…

  • बिचौलियों और दलालों का वर्चस्व: पानीपत में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंगलवार को डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि पिछली हुड्डा व इनेलो सरकारों में एक विशेष वर्ग सक्रिय था, जो सुबह-सुबह कलफ लगे कुर्ते-पायजामे पहनकर लघु सचिवालय पहुंच जाता था। ये लोग बिचौलियों, दलालों और ‘सेटिंग’ कराने का काम करते थे।
  • भाजपा आई तो पारदर्शिता लाई: अर्चना गुप्ता ने कहा कि पूर्व सरकारों के दौरान सरकारी नौकरियों में भारी भ्रष्टाचार था। लोगों को नौकरी पाने के लिए अपनी जमीन, घर या मां के जेवर तक बेचने पड़ते थे या फिर केवल रिश्तेदारों और सिफारिश वालों को ही नौकरियां मिलती थीं।
  • कुर्ते-पायजामे खूंटियों पर टंग गए: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि हमारी सरकार आने के बाद भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता लाई गई। बिचौलियों की दुकानदारी पूरी तरह बंद हो चुकी है और अब उनके कुर्ते-पजामे खूंटियों पर टंग गए हैं। किसी बिचौलिये या ‘विशेष वर्ग’ के हस्तक्षेप का सवाल ही नहीं उठता।

अपने बयान पर घिरने के बाद दी सफाई

अर्चना गुप्ता ने बयान देने के बाद विवाद बढ़ता देख 11 अगस्त को स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि कहा कि विशेष वर्ग से उनका मतलब किसी जाति या समुदाय से नहीं था। उनका इशारा उन बिचौलियों और कथित दलालों की ओर था, जो पिछली सरकारों में सफेद कुर्ता-पायजामा पहनकर सचिवालय पहुंचते थे और व्यवस्था में प्रभाव रखते थे।

उन्होंने कहा कि चाहे हुड्डा सरकार रही हो या इनेलो की सरकार, ऐसे मध्यस्थों के माध्यम से सिस्टम बनाया जाता था और नौकरियां दिलाने के नाम पर लोगों से पैसा लिया जाता था। भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि अब ऐसे लोगों का दौर समाप्त हो चुका है और उनका ‘कुर्ता-पायजामा खूंटी पर टंग चुका है’।

अब पढ़िए…नेताओं ने अर्चना गुप्ता के बयान पर क्या कहा

  • बीरेंद्र बोले- सलीका सीखना चाहिए: कांग्रेस की आगाज-ए-दोस्ती अमन यात्रा कार्यक्रम में करनाल पहुंचे कांग्रेस नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा- सबसे पहले बोलने का सलीका सीखना चाहिए। अर्चना गुप्ता यह बात दूसरे तरीके से भी कह सकती थी। जिस प्रदेश या क्षेत्र में किसी समुदाय की संख्या अधिक हो, उसके खिलाफ दूसरे लोगों को खड़ा करने का प्रयास गलत है।
  • दिग्विजय चौटाला ने अर्चना गुप्ता को पढ़ी लिखी अनपढ़ बताया: जननायक जनता पार्टी (जजपा) नेता दिग्विजय चौटाला ने कहा कि यह रूढ़ीवादी मानसिकता के लोग हैं। इनको डॉक्टर की उपाधि कहां से मिली है इनको पूछना चाहिए। डॉक्टर को तो हम भगवान का रूप मानते हैं। डॉक्टर की धर्म और जाति नहीं होती। डॉ. अर्चना गुप्ता विशेष वर्ग की बात करती हैं। विशेष वर्ग की बात से राजनीति नहीं होती, 36 बिरादरी से होती है। ये अपने आपको डॉक्टर कहती हैं मगर यह पढ़ी लिखी अनपढ़ हैं।
  • पूर्व मंत्री ने FIR दर्ज करने के लिए एसपी को शिकायत दी: इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक एवं पूर्व कैबिनेट मिनिस्टर प्रो. संपत सिंह ने हिसार SP को उनके खिलाफ शिकायत दी है। प्रो. संपत सिंह ने आरोप लगाया कि डॉ. अर्चना गुप्ता ने जाट समुदाय को ‘विशेष वर्ग’ बताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा का भी नाम लिया। शिकायत में दावा किया गया है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जाट समुदाय से जुड़े लोगों को लुटेरा, बिचौलिया और दलाल कहा गया। संपत सिंह ने शिकायत में कहा, इस तरह के बयान से हरियाणा की 22% आबादी वाले जाट समुदाय में रोष पैदा हुआ है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए FIR दर्ज करना जरूरी है।