रोहतक में रामपाल के खिलाफ ग्रामीणों का मोर्चा:बोले- ढोंगियों के खिलाफ हुड्डा खाप, पाखंडवाद का रहेगा विरोध; झूठी किताब से फैलाई भ्रांतियां

रोहतक के गांव खिड़वाली के ग्रामीणों ने पाखंडवाद व ढोंगियों के खिलाफ आर्य समाज का समर्थन करते हुए मुहिम को आगे बढ़ाने में सहयोग करने का ऐलान किया। साथ ही रामपाल को सनातन धर्म के खिलाफ बताते हुए हर स्तर पर विरोध करने का निर्णय भी लिया।

गांव खिड़वाली निवासी डॉ. जगदीश ने बताया कि रामपाल सनातन धर्म के खिलाफ गलत बोल रहा है। रामपाल ने भगवान राम के बारे में कहा कि वह सीता को शराब पिलाता था, हनुमान नीच जाति का था और परशुराम तो राक्षस था। ऐसा बोलकर रामपाल ने पूर्व हिंदू समाज की आस्था को ललकारा है।

पाखंड खत्म नहीं हुआ, तो देश का होगा नाश

डॉ. जगदीश ने कहा कि अगर पाखंडवाद को खत्म नहीं किया, तो देश का नाश हो जाएगा। वहीं, कुछ लोग स्वयं को हुड्डा खाप का प्रधान बोलकर रामपाल के पास गए, जबकि उनका हुड्डा खाप से कोई लेना देना नहीं है। हुड्डा खाप हमेशा ढोंगियों के खिलाफ रही है। साथ ही 1163 साल से गांव खिड़वाली का ही व्यक्ति हुड्डा खाप का प्रधान रहा है, दूसरे गांव का नहीं।

रामपाल ने झूठी किताब छपवाकर फैलाई भ्रांतिया

गांव खिड़वाली निवासी प्रमोद कुमार ने बताया कि रामपाल ने झूठी व नकली किताब छपवाकर लोगों में भ्रांतिया फैला रखी है। उसके पाखंड को बढ़ने नहीं दिया जाएगा। प्रमोद ने कहा कि चंद आदमियों से सारा समाज नहीं हो जाता। ओमप्रकाश हुड्डा का अपना निजी बयान है, खाप का गलत नाम लिया है।

धर्मेंद्र हुड्डा की मुहिम में पूरा गांव साथ

ग्रामीण जगदीश ने बताया कि पाखंडवाद के खिलाफ धर्मेंद्र हुड्डा की मुहिम सही है। पूरा गांव उसके साथ है। कुछ लोग रामपाल को सही बता रहे है, क्योंकि संसार में हर प्रकार के लोग है। लेकिन गांव खिड़वाली पाखंडवाद के खिलाफ है और ढोंगियों का ढोंग बढ़ने नहीं देंगे।

रामपाल की खुल चुकी पोल

गांव के 97 वर्षीय बुजुर्ग जागेराम ने कहा कि रामपाल से पूछना चाहिए कि उसका क्या नियम, क्या सिद्धांत, क्या उद्देश्य है। इन तीन चीजों में ही उसकी पोल खुल जाएगी। रामपाल सबका विरोध कर रहा है। सच को नहीं मानता, झूठ को मानता है। जमाना बदल रहा है और अब झूठ को फैलने नहीं देंगे।

हुड्डा खाप ने हमेशा किया पाखंड का विरोध

हुड्डा खाप के कार्यकारी प्रधान रामफूल ने बताया कि जो लोग रामपाल के पास गए थे, उनका अपना निजी मकसद हो सकता है। हुड्डा खाप से उसका कोई लेना देना नहीं है। हुड्डा खाप सामाजिक न्याय के लिए जानी जाती है। पाखंड का हमेशा विरोध किया है। हुड्डा खाप पाखंड फैलाने वालों का बहिष्कार करेगी। रामपाल एक षड़यंत्र के तहत सनातन धर्म को खत्म करने का प्रयास कर रहा है।