भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट मैच के चौथे दिन काफी मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में 6 विकेट गंवा दिए हैं और उसके पास सिर्फ 16 रन की बढ़त है। भारत के तीन स्पिनर्स ने मिलकर इस टेस्ट में अब तक 10 विकेट लिए हैं, लेकिन चर्चा उनके विकेटों की नहीं नो बॉल की हो रही है।
दूसरी ओर श्रीलंका के बल्लेबाज सोनल दिनूशा ने लगातार दूसरे मैच में शतक जमा दिया है। उन्होंने 44 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी की है। आगे भारतीय स्पिनर्स और सोनल के रिकॉर्ड के बारे में विस्तार से पढ़िए। साथ ही दिन के टॉप मोमेंट्स क्या रहे यह भी जानिए…
डेब्यू टेस्ट में 6 नो-बॉल डाल चुके सारांश जैन
भारतीय टीम की ओर से इस मैच में सबसे ज्यादा नो-बॉल ऑफ स्पिनर सारांश जैन ने डाला है। वे अब तक 6 नो-बॉल डाल चुके हैं। रवींद्र जडेजा ने 4 नो-बॉल फेंके हैं।
भारतीय स्पिनर्स ने 2021 से अब तक इससे ज्यादा 14 नो-बॉल 2021 में चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ डाले थे।
दिन के खेल के बाद भारत के स्पिन गेंदबाजी कोच सिराज बहतुले ने कहा- ‘हम इस पर काम कर रहे हैं। कई बार यह चिंता का विषय बन जाता है।’ उन्होंने टेस्ट में भी फ्री-हिट देने की पैरवी की। बहतुले ने कहा- अगर फ्री-हिट मिलती है तो निश्चित तौर पर नो-बॉल कम हो जाएंगी।’
जडेजा के नाम पिछले 5 साल में सबसे ज्यादा नो-बॉल
इस टेस्ट में भले ही सारांश जैन ने ज्यादा नो-बॉल डाले हों, पिछले 5 साल में इस मामले में रवींद्र जडेजा सबसे आगे हैं। 2021 से टेस्ट में वे 88 नो-बॉल डाल चुके हैं।
दिनूशा का भारत के खिलाफ लगातार दूसरा शतक
दिनुशा ने पहली पारी में 103 रन बनाए। वे भारत के खिलाफ करियर के पहले 2 टेस्ट मैचों में शतक लगाने वाले दूसरे श्रीलंकाई हैं। इससे पहले 1982 में दिलीप मेंडिस ने भारत के खिलाफ अपने पहले दो टेस्ट में शतक जमाए थे।