‘टॉक्सिक’ की कमाई में लगातार गिरावट:चौथे दिन ₹24.50 करोड़ कमाए; पहले दिन के मुकाबले कलेक्शन में 75.8% की गिरावट

यश स्टारर फिल्म ‘टॉक्सिक’ की बॉक्स ऑफिस कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। फिल्म ने पहले दिन करीब ₹101.10 करोड़ की ओपनिंग की थी, लेकिन इसके बाद कलेक्शन तेजी से नीचे आया।

दूसरे दिन फिल्म ने ₹37.65 करोड़, तीसरे दिन ₹27.20 करोड़ और चौथे दिन करीब ₹24.50 करोड़ का इंडिया नेट कलेक्शन किया। यानी चौथे दिन भी फिल्म की कमाई पहले दिन के मुकाबले काफी कम रही।

बता दें कि चौथे दिन ‘टॉक्सिक’ की कमाई पहले दिन के मुकाबले करीब 75.8% गिर गई। चार दिनों में फिल्म का कुल इंडिया नेट कलेक्शन करीब ₹190.45 करोड़ पहुंच गया है।

हिंदी और साउथ दोनों मार्केट में कमाई गिरी

बता दें कि फिल्म की कमाई गिरने की बड़ी वजह के तौर पर कई दर्शकों ने फिल्म की कहानी को कमजोर बताया है। फिल्म की लंबाई भी चर्चा में है। ‘टॉक्सिक’ करीब 3 घंटे 14 मिनट लंबी है। इतनी लंबी फिल्म में कहानी दर्शकों को बांधे रखना जरूरी होता है। लेकिन कई दर्शकों को फिल्म कुछ हिस्सों में धीमी लगी।

मुख्य रूप से यश साउथ के सुपरस्टार हैं। हालांकि उनकी फिल्म की साउथ के राज्यों (जैसे आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और केरलम) में बहुत गिरावट देखी गई है। हिंदी में फिल्म ने पहले दिन ₹55 करोड़ कमाए थे। दूसरे दिन यह कमाई घटकर ₹24.25 करोड़ रह गई। तीसरे दिन हिंदी में ₹19.75 करोड़ और चौथे दिन सिर्फ ₹15.50 करोड़ का कलेक्शन हुआ।

कन्नड़ में पहले दिन फिल्म ने ₹23.30 करोड़ कमाए थे। दूसरे दिन यह घटकर ₹8.50 करोड़ और तीसरे दिन ₹5 करोड़ रह गया। चौथे दिन कन्नड़ में ₹6.60 करोड़ की कमाई हुई।

तेलुगु में पहले दिन ₹16 करोड़ के मुकाबले दूसरे दिन सिर्फ ₹3 करोड़ आए। तीसरे और चौथे दिन कलेक्शन ₹1.50 करोड़ रहा। तमिल में भी पहले दिन के ₹5.50 करोड़ के मुकाबले चौथे दिन कमाई सिर्फ ₹75 लाख रही। मलयालम में पहले दिन ₹1.30 करोड़ के बाद चौथे दिन सिर्फ ₹15 लाख मिले।

वहीं ‘टॉक्सिक’ की लगातार गिरती कमाई के बीच फिल्म क्रिटिक कमाल राशिद खान (KRK) ने फिल्म को लेकर लिखा, फिल्म के OTT राइट्स रिलीज से पहले नहीं बिके थे। अब कोई भी OTT प्लेटफॉर्म इसके राइट्स के लिए ₹25 करोड़ से ज्यादा देने को तैयार नहीं होगा। यानी फिल्म से कुल रिकवरी करीब ₹150 करोड़ ही हो सकती है। ऐसे में प्रोड्यूसर्स को ₹500 करोड़ से ज्यादा का नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, KRK के इस दावे की दैनिक भास्कर पुष्टि नहीं करता।