आगरा की शिव परिक्रमा…ड्रोन कैमरे से देखिए:शिव भक्तों का सैलाब उमड़ा; 4 महादेव मंदिरों की 43 Km लंबी की परिक्रमा

आगरा के 4 महादेव मंदिर की परिक्रमा शिव भक्त कर रहे हैं। 43 किमी लंबी परिक्रमा करते हुए शिव भक्त बम भोले का जयकारा लगा रहे हैं। सावन के दूसरे सोमवार की परिक्रमा के लिए शिव भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। जहां तक नजर जा रही थी, शिव भक्त ही नजर आ रहे थे। न कदम रुक रहे थे…न बम-बम भोले की गूंज थम रही थी। ये कदम और ये गूंज महादेव पर जलाभिषेक के बाद ही थम रहे हैं।

शिव भक्त बल्केश्वर महादेव मंदिर से परिक्रमा शुरू करते हैं। इसके बाद मन:कामेश्वर, राजेश्वर और फिर पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर होते हुए कैलाश मंदिर पर पहुंचते हैं। सावन में आगरा की नगर परिक्रमा का बहुत महत्व है। यह एक प्राचीन परंपरा है, जो आगरा के चारों कोनों पर स्थित प्राचीन शिव मंदिरों की परिक्रमा करके पूरी होती है। इस परिक्रमा का मुख्य उद्देश्य भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करना और अपनी मनोकामनाओं को पूरा करना है।

सोमवार तड़के महादेव मंदिरों पर जलाभिषेक के साथ ही परिक्रमा का समापन हुआ। इस बीच जगह-जगह भंडारे हुए। परिक्रमार्थियों पर पुष्पवर्षा हुई। शिव भक्तों को किसी ने पानी तो किसी ने कोल्ड ड्रिंक बांटी…किसी ने आईसक्रीम तो किसी ने जलजीरा पिलाया। कदम-कदम पर डीजे बज रहे थे, जहां शिव भक्त मस्ती में झूमते नजर आए।