विमेंस एशिया कप में लगातार रिकॉर्ड बन रहे हैं। सोमवार रात पाकिस्तान की नशरा संधू ने हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 7 रन देकर 6 विकेट लिए। नशरा का पाकिस्तान की विमेंस टीम के लिए T20I में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
खास बात यह है कि एशिया कप में 6 दिन के अंदर यह दूसरा बड़ा गेंदबाजी प्रदर्शन है। इससे पहले 2 सितंबर को श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू ने इंडोनेशिया के खिलाफ 5 रन देकर 7 विकेट लिए थे।
इसके साथ ही दुबई में खेले गए ग्रुप-A के आखिरी मैच में पाकिस्तान ने हॉन्गकॉन्ग को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 143 रन बनाए, जिसके जवाब में हॉन्गकॉन्ग की टीम 71 रन पर ऑलआउट हो गई।
नशरा के T20I करियर में पहली बार 5 विकेट
नशरा संधू ने हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ अपने T20I करियर में पहली बार 5 विकेट (कुल 6 विकेट)। उन्होंने यास्मिन दसवानी को कैच एंड बोल्ड करने के बाद मरीना लैम्पलॉ और मरियम बीबी को आउट किया। इसके बाद शांजीन शाहजाद को पवेलियन भेजा।
एलिसन सिउ का विकेट लेते ही नशरा के 5 विकेट पूरे हो गए। इसके बाद इकरा सहार को बोल्ड कर उन्होंने छठा विकेट भी हासिल कर लिया। नशरा ने ओमैमा सोहैल के 13 रन पर 5 विकेट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। ओमैमा ने 2022 में श्रीलंका के खिलाफ 5 विकेट लिए थे।
पाकिस्तान की पुरुष-महिला दोनों टीमों में नशरा बेस्ट
नशरा का यह प्रदर्शन पाकिस्तान के पूरे T20I क्रिकेट में भी सबसे बेहतर है। पुरुष और महिला खिलाड़ियों को मिलाकर भी किसी पाकिस्तानी गेंदबाज के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पेल का रिकॉर्ड अब उनके नाम है। इससे पहले यह रिकॉर्ड सुफियान मुकीम के 5/3 के नाम था।
नशरा की 4 ओवर में 18 डॉट बॉल, प्लेयर ऑफ द मैच भी रहीं
नशरा ने अपने 4 ओवर में 24 गेंदें डालीं, जिनमें 18 डॉट बॉल रहीं। यानी उनकी 75% गेंदों पर हॉन्गकॉन्ग के बल्लेबाज कोई रन नहीं बना सके। उन्होंने पूरे स्पेल में एक भी वाइड या नो-बॉल नहीं की।
नशरा को उनके प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने बल्लेबाजी में भी 3 गेंदों पर नाबाद 3 रन बनाए थे।
शवाल जुल्फिकार ने बनाए 47 रन, पाकिस्तान 143 तक पहुंचा
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे पाकिस्तान के लिए शवाल जुल्फिकार ने सबसे ज्यादा 47 रन बनाए। उन्होंने 35 गेंद की पारी में 6 चौके लगाए। आयशा जफर ने 19 गेंद पर 26 रन और कप्तान फातिमा सना ने 24 रन बनाए। फातिमा नाबाद रहीं।
हॉन्गकॉन्ग की जॉयलीन कौर सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट लिए। यह महिला T20I में उनका पहला 4 विकेट का प्रदर्शन था।
हॉन्गकॉन्ग की शुरुआत खराब, 71 रन पर ऑलआउट
144 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हॉन्गकॉन्ग की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फातिमा सना ने पहले ओवर में मारिको हिल को बोल्ड किया, जबकि सदिया इकबाल ने अगले ओवर में नताशा माइल्स को LBW आउट कर दिया।
कैरी चान ने 47 गेंद पर 30 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 19 ओवर में 71 रन पर ऑलआउट हो गई।
11 सितंबर को श्रीलंका से सेमीफाइनल
पाकिस्तान ने ग्रुप-A में 3 मैचों में 2 जीत के साथ 4 अंक हासिल किए और भारत के बाद दूसरे स्थान पर रहा। अब उसका सामना 11 सितंबर को दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका से होगा।