बिहार में बाढ़ की स्थिति और फसल नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज बिहार दौरे पर हैं। वे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे।
इसके साथ ही दोनों नेता किसानों और बाढ़ पीड़ित परिवारों से सीधे संवाद करेंगे। इसके बाद पटना में बाढ़ आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक होगी।
CM सम्राट और केंद्रीय मंत्री शिवराज हवाई सर्वेक्षण करने निकले
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुबह 10:25 बजे लोक सेवक आवास से सड़क मार्ग से स्टेट हैंगर के लिए रवाना हुए। 10:30 बजे स्टेट हैंगर पहुंचने के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज के साथ CM हेलीकॉप्टर से दिघवारा और मनेर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करते हुए हाजीपुर पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे।
11 बजे तेरसिया और सरायपुर में किसानों से संवाद
सुबह करीब 11 बजे मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री हाजीपुर पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से तेरसिया और सरायपुर गांव जाएंगे। यहां दोनों नेता बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का जायजा लेंगे और किसानों से संवाद करेंगे।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री करीब 11:30 बजे विदुपुर-कच्ची दरगाह पुल के रास्ते पटना के लिए रवाना होंगे। केंद्रीय मंत्री भी इसी दौरान पटना पहुंचेंगे।
12:30 बजे संवाद में बाढ़ राहत की समीक्षा
दोपहर 12:30 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद में बाढ़ आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक होगी। इसमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य, पुनर्वास, फसल नुकसान और किसानों को दी जाने वाली सहायता की समीक्षा की जाएगी।
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधिकारी भी शिवराज सिंह चौहान के साथ मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे सचिवालय से स्टेट हैंगर के लिए रवाना होंगे। 2:05 बजे वहां से हेलीकॉप्टर से मुंगेर के नवगाछी के लिए प्रस्थान करेंगे।
मुंगेर में राहत शिविर पहुंचेंगे दोनों नेता
दोपहर 2:50 बजे नवगाछी, शीतलपुर फुटबॉल मैदान स्थित हेलीपैड पर पहुंचने का कार्यक्रम है। इसके बाद 2:55 बजे राहत शिविर में बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की जाएगी और राहत कार्यों का निरीक्षण होगा।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान इसके बाद नवगछिया के कोजीकरैया बांध का करीब 3 बजे निरीक्षण करेंगे। शाम 5 बजे भागलपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित राहत शिविर में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे।
भागलपुर में रात्रि विश्राम, 17 सितंबर को फिर दौरा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का कार्यक्रम शाम 4:20 बजे स्टेट हैंगर पहुंचने और 4:25 बजे लोक सेवक आवास लौटने के साथ समाप्त होगा। वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान देर शाम तक भागलपुर में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करने के बाद वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। 17 सितंबर को वे राहत शिविरों का दौरा करते हुए पटना लौटेंगे।