श्रीगंगानगर जिले में तेज रफ्तार कार ने मां-बेटी सहित तीन महिलाओं को कुचल दिया। हादसे में दोनों महिलाओं की मौत हो गई। जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। तीनों खेत से घर लौट रही थीं।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। तीनों घायलों को सादुलशहर के सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।
घायल लड़की को सादुलशहर के सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस कार ड्राइवर और कार की तलाश कर रही है।
हादसा गुरुवार शाम 7:30 बजे सादुलशहर थाना क्षेत्र में अबोहर-हनुमानगढ़ स्टेट हाईवे पर 9 केआरडब्ल्यू के पास हुआ। हादसे में सलो (55) पत्नी साहबराम ओड़, कलो (55) पत्नी दुलीचंद ओड़ की मौत हो गई। सलो की 30 साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद कार ड्राइवर गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
खेत से काम पूरा कर पैदल घर लौट रही थीं
श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर में वार्ड नंबर 12 निवासी सलो, कलो और सलो की बेटी अपने खेतों में करने के बाद पैदल घर लौट रही थीं। तीनों अबोहर-हनुमानगढ़ स्टेट हाईवे पर किनारे चल रही थीं। इसी दौरान 9 केआरडब्ल्यू के पास हनुमानगढ़ की ओर से सामने से आई तेज रफ्तार कार ने तीनों को कुचल दिया। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
आसपास के लोगों ने तीनों घायलों को सादुलशहर के सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सलो और कलो को मृत घोषित कर दिया। वहीं सलो की बेटी को श्रीगंगानगर रेफर कर दिया।