एशियन गेम्स 2026 में हरियाणा की बेटी सुरुचि इंदर सिंह फोगाट ने देश का नाम रोशन कर दिया। सुरुचि और कमलजीत की भारतीय जोड़ी ने शुक्रवार को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीतकर भारत को प्रतियोगिता का दूसरा गोल्ड मेडल दिलाया।
भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 484.6 अंक हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ दोनों ने एशियन रिकॉर्ड भी बनाया। दक्षिण कोरिया की जोड़ी 478.0 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि ईरान ने कांस्य पदक जीता।
शुरुआत से बढ़त, फाइनल में भी दबदबा
सुरुचि और कमलजीत ने क्वालिफिकेशन में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 587 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था। इसके बाद फाइनल में भी भारतीय जोड़ी ने शुरुआत से बढ़त बनाए रखी और 484.6 अंक के साथ गोल्ड अपने नाम किया।
झज्जर के सासरोली गांव की रहने वाली हैं सुरुचि
सुरुचि इंदर सिंह फोगाट झज्जर जिले के सासरोली गांव की रहने वाली हैं। उनकी अंतरराष्ट्रीय शूटिंग यात्रा 13 साल की उम्र में शुरू हुई थी। वह अपने पिता और भाइयों के साथ सासरोली से भिवानी की शूटिंग अकादमी तक ट्रेन से जाती थीं। अब 20 साल की उम्र में वह जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड और कई ISSF वर्ल्ड कप गोल्ड जीत चुकी हैं।
सुरुचि के एशियन गेम्स में गोल्ड जीतते ही सासरोली गांव और उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी स्वर्णिम उपलब्धियों पर गांव में जश्न मनाया जा चुका है।
सीएम नायब सिंह सैनी ने दी बधाई
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर सुरुचि और कमलजीत की उपलब्धि पर बधाई दी। सीएम की ओर से दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि आप दोनों की उपलब्धि पर पूरे देश को गर्व है और उनके स्वर्णिम भविष्य की कामना की गई।
सुरुचि की स्वर्णिम उपलब्धि से झज्जर गौरवान्वित: जिला खेल अधिकारी
जिला खेल अधिकारी शतेंद्र कुमार ने एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने पर सुरुचि इंदर सिंह को बधाई दी। उन्होंने कहा कि झज्जर जैसे जिले के एक सामान्य परिवार की बेटी का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतना पूरे जिले के लिए खुशी और गर्व की बात है। सुरुचि की इस उपलब्धि से जिले के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा और वे खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।