मेरठ में ब्यूटीशियन बोली-पति की हत्या की, मुझे फांसी हो:अब बहुत याद आ रही, पछतावा हो रहा; प्रेमी के साथ मिलकर की थी वारदात

‘मैंने प्रेमी को बुलाया और पति को खाने में नशीली दवा दी। फिर प्रेमी ने दुपट्‌टे से उसका गला घोंट दिया। मुझे अब पति की बहुत याद आ रही है। पछतावा हो रहा है। मैंने गलत किया। कानून से गुजारिश है कि मुझे भी फांसी की सजा दी जाए।’

ये बातें मेरठ की ब्यूटीशियन पत्नी इल्मा ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कबूल कीं। मामला 28 सितंबर का है। पति की हत्या के बाद इल्मा ने परिवार को फोन कर मौत हार्ट अटैक से होने की बात बताई। परिवार ने शव दफना दिया।

5 अक्टूबर को मृतक का मोबाइल मिलने के बाद परिजनों को पत्नी पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर इल्मा ने हत्या की बात कबूल कर ली। 10 दिन बाद गुरुवार को पुलिस ने कब्र खोदकर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

4 साल पहले शादी हुई थी, दोनों की 1 बेटी

मुजफ्फरनगर के रसूलपुर-दभेड़ी गांव निवासी जुल्फिकार के बेटे तालिब (30) की शादी 4 साल पहले मेरठ के ब्रह्मपुरी इलाके में अंजुम पैलेस निवासी मोमिन की बेटी इल्मा (27) से हुई थी। दोनों की 3 साल की बेटी है।

तालिब राजमिस्त्री का काम करता था। शादी के बाद वह पत्नी के साथ मेरठ की जाकिर नगर कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। इल्मा पास में स्थित सिग्नेचर स्टाइल ब्यूटी स्टूडियो में काम करती थी।

‘दोपहर में झगड़ा हुआ, पति ने मुझे खूब पीटा’

इल्मा ने बताया- “ 28 सितंबर की दोपहर करीब 3:30 बजे तालिब काम से घर लौटे थे। उस वक्त मैं मकान मालिक के बेटे की बहू का फेशियल करने गई थी। तालिब का फोन आया तो कुछ देर बाद मैं घर लौट आई।

घर पहुंची तो तालिब और उनका भतीजा शारिक लेटे हुए थे। तालिब ने मुझसे आटा गूंथकर रोटी बनाने को कहा। मैंने रोटी बनाई। इसके बाद काम को लेकर हम दोनों में झगड़ा हो गया। तालिब ने मुझे खूब पीटा। मैं दूसरे कमरे में जाकर बैठ गई।

कुछ देर बाद तालिब मुझे बुलाने आए। इसके बाद हम दोनों के बीच फिर झगड़ा होने लगा।”

‘पति ने गला दबाया तो प्रेमी को कॉल कर बुलाया’

इल्मा बताती है- “झगड़े के बाद मैंने प्रेमी अमन को फोन किया। उसे बताया कि तालिब मुझे मार रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। कई बार मेरा गला भी दबाया। अमन ने फोन पर कहा कि वह आ रहा है और आने के बाद तालिब को ठिकाने लगा देगा।

इसके बाद मैंने तालिब को खाना दिया। उसमें नशीली दवा मिला दी थी। कुछ देर बाद अमन घर आया। उसके साथ उसका एक दोस्त भी था।”

‘पत्नी ने पैर पकड़े, दोस्त ने हाथ और अमन ने गला घोंटा’

इल्मा बताती है- “तालिब बेसुध थे। अमन के दोस्त ने उनके हाथ पकड़े और मैंने पैर। इसके बाद अमन ने दुपट्टे से तालिब का गला घोंट दिया।

अमन से मेरी मुलाकात करीब 13-14 महीने पहले 60 फुटा चौराहे पर हुई थी। उसने मुझे अपना नंबर दिया था और पार्लर में नौकरी लगवाने की बात कही थी।

तालिब को अमन के बारे में करीब 6-7 महीने पहले पता चला था। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर कई बार झगड़ा हुआ। तालिब ने अमन को कभी सामने से नहीं देखा था, सिर्फ फोटो में देखा था।”

इल्मा बोली- पता नहीं अचानक मुझे क्या हो गया था

इल्मा से जब पूछा गया कि करीब 14 महीने पहले अमन से जान-पहचान के बाद उसने 4 साल पुराने निकाह और पति के भरोसे को क्यों तोड़ा और हत्या क्यों की, तो उसने कहा- “मुझे खुद नहीं पता कि मुझे क्या हो गया था। पति को जान से मारने का मेरा पहले कोई इरादा नहीं था, लेकिन अचानक ये सब हो गया।”

‘हत्या के वक्त बेटी ने देख लिया था’

इल्मा के मुताबिक, झगड़े के दौरान तालिब ने उसे पीटा और बेटी को भी मारने की धमकी दी। इससे वह पति से और नाराज हो गई।

“जब हम तालिब को मार रहे थे, तब बेटी मोबाइल चला रही थी। हत्या के बाद जब तालिब के गले से दुपट्टा हटाया, तभी बेटी ने हम लोगों को देख लिया। हालांकि, उसने कुछ नहीं कहा।

बेटी को अब तालिब के घरवाले रखेंगे। मेरे दिमाग में आगे को लेकर कुछ नहीं चल रहा है। कानून जो सजा देगा, मैं उसे स्वीकार करूंगी।”

CO बोले- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

अभी इस हत्याकांड में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। CO कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया- प्रशासन की मौजूदगी में तालिब की कब्र खोदकर शव निकाला गया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम भूपेंद्र सिंह और सीओ गजेंद्र सिंह समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।