चंडीगढ़ हादसे के बाद रेलवे ने जांच टीम गठित की:कार पर गिरा था मालगाड़ी का दरवाजा, युवती के सिर में लगी चोट

चंडीगढ़ के हल्लोमाजरा रेलवे ओवरब्रिज पर चलती मालगाड़ी के वैगन का दरवाजा टूटकर नीचे से गुजर रही कार पर गिरने के मामले में उत्तर रेलवे ने जांच शुरू कर दी है। चार सदस्यीय टीम हादसे की वजह का पता लगाएगी और यह जांच करेगी कि दरवाजा किन परिस्थितियों में टूटा।

सोमवार को चार सदस्यीय जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे में कार सवार सेक्टर-35 निवासी प्रीति के सिर में चोट लगी है। वह अस्पताल में भर्ती है। वहीं, कार में सवार बच्चों समेत अन्य लोग सुरक्षित बच गए।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान दरवाजे में तकनीकी खराबी, उपकरण में खामी या किसी अन्य कारण की पड़ताल की जाएगी। टीम मालगाड़ी की गति, वैगन में लदी सामग्री और लोडिंग की प्रक्रिया की भी जांच करेगी।

कार की छत-पिछली खिड़की का शीशा टूटा घटना रविवार शाम की है। मालगाड़ी अंबाला से चंडीगढ़ होते हुए लुधियाना के पास ढंडारी कलां जा रही थी। इसी दौरान हल्लोमाजरा रेलवे ओवरब्रिज से गुजरते समय एक वैगन का दरवाजा टूटकर नीचे सड़क से गुजर रही कार पर गिर गया। दरवाजा गिरने से जोरदार धमाका हुआ और कार की छत व पिछली खिड़की का शीशा टूट गया।

कार में सवार छह लोगों पर कांच बिखर गया। इनमें से प्रीति बेहोश हो गई। कार ड्राइवर के अनुसार, हादसे के बाद करीब दो मिनट तक उन्हें समझ नहीं आया कि अचानक क्या हो गया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पीसीआर और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची।

रेलवे के तकनीकी अधिकारी कर रहे जांच उत्तर रेलवे की 4 सदस्यीय जांच टीम में अंबाला के वाणिज्य विभाग के अधिकारी किशोर मेहता, चंडीगढ़ के ट्रेन संचालन से जुड़े अधिकारी मनोज सैनी और रेलवे के दो तकनीकी अधिकारी शामिल हैं। टीम की अगुवाई रेलवे के तकनीकी अधिकारी कर रहे हैं। टीम मालगाड़ी के ड्राइवर, गार्ड और रखरखाव का काम करने वाले कर्मचारियों के बयान दर्ज करेगी।

खिड़कियां टूटकर गिरने के मामले सामने आए थे रेलवे अधिकारियों के अनुसार अंबाला मंडल में यह पहला ऐसा मामला है, जिसमें मालगाड़ी का दरवाजा टूटकर सड़क से गुजर रही कार पर गिरा और युवती घायल हो गई। इससे पहले मालगाड़ियों के दरवाजे रेलवे ट्रैक पर गिरे मिलने या खिड़कियां टूटकर गिरने के मामले सामने आए थे।