लुधियाना में मनचले ने नाबालिग को छेड़ा:विरोध पर मां को धमकाया, कहा- इंस्टाग्राम फोटो से बदनाम कर दूंगा; 3 साल से कर रहा परेशान

लुधियाना के सलेम टाबरी थाना इलाके में एक मनचले ने नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और जबरदस्ती की। लड़की की मां ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी और उसके परिवार ने गाली-गलौज की। आरोपियों ने लड़कियों की इंस्टाग्राम से फोटो लेकर उन्हें गलत तरीके से पेश कर बदनाम करने की धमकी दी है।

छात्रा की उम्र 17 साल है और वह 11वीं कक्षा में पढ़ती है। परिवार ने बताया कि लड़का पिछले 3 साल से बेटी को परेशान कर रहा था। पहले ये लोग जहां किराए पर रहते थे, वहां भी आरोपी से तंग आकर इन्हें घर बदलना पड़ा। छात्रा के पिता ड्राइवर हैं। पिता का आरोप है कि आरोपी लड़के का पिता दो नंबर का काम करता है। इस वजह से उन्हें कोई डर नहीं है।

सहेली के साथ मोबाइल ठीक करवाने गई थी छात्रा गुरनाम नगर जस्सियां रोड की रहने वाली रीमा शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी को अमरजीत सिंह नामक लड़का परेशान करता था। 8 अक्टूबर रात 9:15 बजे उनकी बेटी अपनी सहेली के साथ भटियां स्थित लवली मोबाइल शॉप पर फोन ठीक करवाने गई थी। वहां अमरजीत ने उसके साथ जबरदस्ती की और उसे अपने साथ ले जाने लगा।

मां बचाने पहुंची तो मारा धक्का छात्रा के साथ जबरदस्ती होने पर उसकी सहेली ने तुरंत मां को फोन करके मौके पर बुलाया। जब मां वहां पहुंची तो आरोपी अमरजीत ने उन्हें धक्का मारा। इसके बाद आरोपी का परिवार भी मौके पर आ गया और उन्होंने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों ने छात्रा पर तेजाब डालने और फोटो से बदनाम करने की धमकियां दीं। हालांकि लोगों की भीड़ इकट्ठी होती देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पूरे परिवार पर FIR दर्ज थाना सलेम टाबरी पुलिस ने 13 अक्टूबर को दी गई शिकायत के आधार पर आरोपी अमरजीत सिंह, उसके पिता सोनी, मां मनदीप और बहन सिमरन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ये सभी आरोपी चिट्टी कॉलोनी, लुधियाना के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ BNS की धारा 74 और 351(3) के तहत FIR नंबर 190 दर्ज की है। मामले की आगे की जांच सब-इंस्पेक्टर करनजीत सिंह को सौंपी गई है।