अजमेर- स्लीपर बस ने मां-बेटी सहित 3 को रौंदा, मौत:टक्कर के बाद बाइक को घसीटते हुए ले गई, टुकड़ों में मिले तीनों शव

अजमेर के किशनगढ़ में नेशनल हाईवे-48 पर स्लीपर बस ने बाइक को टक्कर मार दी। एक्सीडेंट में मां-बेटी सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार एक व्यक्ति का पैर कटकर अलग हो गया है। दो शवों के टुकड़े-टुकड़े हो गए। घटना किशनगढ़ के पाटन चौराहे के पास गुरुवार रात करीब 9 बजे हुई।

20 फीट तक घसीटते हुए ले गई बस

थानाधिकारी बीएल जाट ने बताया – गुरुवार रात पाटन चौराहे हरमाड़ा निवासी भागचंद(38) के साथ फलौदा निवासी मां-बेटी लाडा(45) देवी और हंसा(18) बाइक पर जयपुर की ओर जा रहे थे।

इस दौरान पीछे से आ रही स्लीपर बस ने बाइक को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि बस बाइक को टक्कर मारने के बाद भी नहीं रुकी और करीब 20 फीट तक उसे घसीटते हुए ले गई।

पैर कटकर अलग हुआ, हाईवे पर क्षत-विक्षत पड़े मिले शव

टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे भागचंद का पैर कटकर अलग हो गया। तीनों के शव क्षत-विक्षत अवस्था में हाईवे पर बिखरे मिले।

तीनों को किशनगढ़ के वाईएनएच हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों के शव मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। बस को क्रेन की मदद से थाने ले जाया गया।

विधायक ने जताया विरोध

घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। इस दौरान लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया। लोगों की मांग है कि पाटन चौराहे पर या तो पुलिया निर्माण करवाया जाए या इस कट को पूरी तरह से बंद किया जाए।

शुक्रवार सुबह विधायक विकास चौधरी मॉर्च्युरी पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और पाटन इलाके में लगातार हो रहे हादसों पर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि पाटन चौराहे पर पुलिया बनाने की हम कई बार मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक हादसों की रोकथाम के लिए कोई प्रयास नहीं हुए हैं।