अजमेर में मांगलियावास थाना प्रभारी सस्पेंड:NDPS मामले में आरोपी को बचाने के लिए रुपए मांगने का आरोप; पहले भी हुए थे लाइन हाजिर

अजमेर जिले के मांगलियावास थाना प्रभारी हरीश चौधरी को शुक्रवार देर रात सस्पेंड कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार- करीब 15 दिन पहले NDPS एक्ट के तहत अफीम के मामले में आरोपी को बचाने के बदले रुपए मांगने और अफीम को जब्त नहीं करने के आरोप में कार्रवाई की गई है।

मामले को लेकर शिकायत मिलने के बाद पुलिस महकमे में कार्रवाई की चर्चा है। हालांकि, लेन-देन और अफीम की जब्ती नहीं करने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं सस्पेंड हरीश चौधरी ने कहा कि अधिकारियों के आदेशों की पालना की जा रही है। जांच में तथ्य सामने आ जाएंगे। उन्होंने कहा, “मैंने कब अफीम पकड़ी, इसकी तारीख मुझे बता दीजिए।

बता दें कि इससे पहले भी मांगलियावास थाना प्रभारी रहते हुए हरीश चौधरी लाइन हाजिर हो चुके हैं। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने थाना प्रभारी को सस्पेंड किए जाने की पुष्टि की है। एसपी ने बताया कि मामले की विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है। हालांकि, उन्होंने कथित लेन-देन और अफीम से जुड़े आरोपों की पुष्टि नहीं की। उन्होंने कार्य में लापरवाही का मामला बताया है।

15 दिन पहले पकड़ी थी अफीम, आरोपी को बचाने के लिए रुपए मांगने का आरोप

सूत्रों के अनुसार- करीब 15 दिन पहले NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई के दौरान लगभग 2 किलो अफीम पकड़े जाने का मामला सामने आया था। अब इस प्रकरण में आरोपी को बचाने के बदले रुपए मांगने और बरामद अफीम को नियमानुसार जब्त नहीं करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। यह भी आरोप है कि आरोपी से रुपए लिए गए।

मांगलियावास थाने में पहले भी थाना प्रभारियों पर हुई कार्रवाई

  • मार्च 2025: तत्कालीन एसपी वंदिता राणा ने हाईवे पर तेल और गैस चोरी के मामलों में लापरवाही के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी हरीश चौधरी को लाइन हाजिर किया था।
  • जनवरी 2026: हाईवे पर अवैध गैस रिफिलिंग के मामलों को रोकने में नाकामी के बाद तत्कालीन एसपी वंदिता राणा ने थाना प्रभारी दिनेश चौधरी और दो कॉन्स्टेबलों को लाइन हाजिर किया था।