दशहरा देखकर लौट रहे युवक की पीट-पीटकर हत्या:झगड़े में साथ नहीं देने की रंजिश; यमुनानगर में घेरकर लात-मुक्के बरसाए

यमुनानगर में दशहरा देखकर घर लौटे युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का मामले सामने आया है। कमला नगर में छोटी पर कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसे मुक्के और लातें मारकर बुरी तरह पीटा। उनका कहना था कि उसने लड़ाई में उनका साथ नहीं दिया।

मारपीट में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कमला नगर निवासी 34 वर्षीय सरन सिंह के रूप में हुई है वह दो बेटियों का पिता और दो बहनों का इकलौता भाई था। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन रामपुरा चौकी में पहुंचे हंगामा किया।

दशहरा देखकर लौटते वक्त विवाद

कमला नगर निवासी संजीव कुमार ने बताया कि वह कार रिपेयरिंग का काम करता है। मंगलवार की शाम वह अपने बेटे के साथ मोटरसाइकिल पर दशहरा कार्यक्रम देखकर घर लौट रहा था। उसका चचेरा भाई भी पत्नी और बेटियों के साथ दशहरा देखकर लौटा था। परिवार को घर छोड़कर वह सब्जी लेने के लिए करीब सवा सात बजे घर से निकला था।

रात करीब साढ़े सात बजे जब वह कमला नगर स्थित छोटी लाइन पर दुकान के सामने पहुंचे, तो वहां दीपक उर्फ दीपा और उसके साथी मौजूद थे। इसी दौरान उसका चचेरा भाई सरन सिंह का दीपक उर्फ दीपा के साथ विवाद हो रहा था। दीपक सरन सिंह से कह रहा था कि वह उसका साथ झगड़े में नहीं देता। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई और दीपक ने सरन सिंह को मुक्के मारने शुरू कर दिए।

पेट, छाती और गले पर मारे मुक्के

संजीव ने बताया कि सरन सिंह के साथ मारपीट होते देखकर वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इसी दौरान करीब तीन-चार मिनट बाद दीपक का भतीजा शिवम उर्फ शिवा अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर मौके पर पहुंचा।

आरोप है कि शिवम और उसके साथ आए युवकों ने भी सरन सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने सरन सिंह के पेट, छाती और गले पर मुक्के मारे तथा लातों से भी पीटा। मारपीट के दौरान सरन सिंह नीचे गिर गया, लेकिन आरोपियों ने उसे पीटना जारी रखा।

अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित किया

मारपीट के बाद दीपक उर्फ दीपा मौके से चला गया। इसके बाद शिवम और उसके दोनों साथी भी मोटरसाइकिल पर वहां से चले गए। परिजनों को इस बारे पता चला तो तुरंत मौके पर पहुंचे। सरन सिंह की पत्नी नेहा की मदद से घायल को संभाला गया और उसे तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सरन सिंह को मृत घोषित कर दिया।

यमुनानगर सिटी थाना पुलिस ने संजीव की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।