रेवाड़ी में सोमवार देर शाम लव मैरिज करने वाली एक युवती का शव फंदे पर लटका मिला। घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब युवती का पति कंपनी से लौटा। उसे पत्नी छत के पाइप से बंधी चुन्नी के सहारे लटकी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की।
मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। बताया गया है कि कुछ समय पहले ही युवक-युवती ने लव मैरिज की थी। फिलहाल युवती के सुसाइड करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उत्तराखंड के रहने वाले हैं पति-पत्नी
निकिता (21) और उसका पति अंकित कुमार मूल रूप से उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के रहने वाले हैं। अंकित धारूहेड़ा की एक कंपनी में काम करता है। दोनों कापड़ीवास गांव में किराए का कमरा लेकर रह रहे थे। इन्होंने लव मैरिज की थी, हालांकि शादी कब हुई, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। बताया गया है कि निकिता के मायके वालों को इस शादी की जानकारी नहीं थी।
पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम टीम से कराई जांच
सोमवार सुबह अंकित ड्यूटी पर गया था। शाम 7 बजे कमरे पर लौटने पर उसने निकिता को फंदे पर लटका पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। धारूहेड़ा के सेक्टर-6 थाना प्रभारी सचिन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया और घटनास्थल की जांच कराई। पुलिस ने शव को फंदे से उतारा।
परिवार के आने के बाद होगा पोस्टमॉर्टम
पुलिस ने निकिता के मायके पक्ष को सूचना दे दी है। फिलहाल परिजन रेवाड़ी नहीं पहुंचे हैं। पुलिस उनके आने का इंतजार कर रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस के अनुसार, अभी घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।