रोहतक के गांव बहुअकबरपुर निवासी CRPF में हेड कांस्टेबल पद पर तैनात सोमबीर द्वारा पत्नी मनीषा की हत्या करने के पीछे की असल वजह अभी तक सामने नहीं आई है। घर की सजावट को लेकर विवाद में हत्या करने की बात पर आरोपी अड़ा रहा, जो पुलिस व परिवार को हजम नहीं हो रहा। हालांकि इस मामले में पुलिस ने सास व देवर को बाहर कर दिया है।
CRPF हेड कांस्टेबल सोमबीर 21 अक्टूबर को 15 दिन की CL लेकर घर आया था और नवनिर्मित मकान में दरवाजे व सजावट का काम करवाना था। 23 अक्टूबर को घर पर सोमबीर की मां कमलेश व बड़ी बेटी अनीशा मौजूद थी। इसी दौरान सोमबीर व मनीषा के बीच झगड़ा हुआ, जिसमें सोमबीर ने भागते हुए मनीषा को सीढ़ियों पर चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
रिमांड के दौरान भी नहीं खुलासा
पुलिस ने आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लिया था, जिसे रिमांड पूरा होने के बाद कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया। 4 दिन के रिमांड के दौरान भी आरोपी ने घर की सजावट को लेकर ही हत्या करने का कारण बताया, जबकि यह बात मृतका के परिवार व खुद पुलिस को भी हजम नहीं हो रही।
बेटी ने मामले में अभी तक साध रखी चुप्पी
मनीषा व सोमबीर के बीच किस बात को लेकर झगड़ा हुआ, झगड़े की असली वजह क्या बनी, इसके बारे में बड़ी बेटी अनीशा को पता है। लेकिन अनीशा ने अभी तक चुप्पी साध रखी है। मनीषा के मायके पक्ष ने अनीशा से पूछने की कोशिश की, लेकिन अनीशा ने कुछ नहीं बताया।
पुलिस मामले में तथ्यों के आधार पर कर रही जांच
बहुअकबरपुर थाना एसएचओ जसबीर ने बताया कि मनीषा की हत्या करने वाले आरोपी पति सोमबीर को 4 दिन के रिमांड के बाद कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया। झगड़े की असली वजह अभी भी सामने नहीं आई है। पुलिस मौके पर मिले सबूतों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई कर रही है।