भिवानी पहुंचे सीएम नायब सिंह सैनी:एशियन-पैरा एशियन गेम्स के 128 खिलाड़ियों को मिलेंगे ₹185 करोड़; रेलवे ओवरब्रिज का करेंगे उद्घाटन

भिवानी के भीम स्टेडियम में 30 अक्टूबर को प्रदेश स्तरीय खेल सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कार्यक्रम में पहुंच चुके है। प्रदेश के 128 खिलाड़ियों को करीब 185 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित करेंगे। इनमें एशियन और पैरा एशियन गेम्स के पदक विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ी शामिल हैं।

कार्यक्रम की तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही हैं। समारोह में खेल मंत्री गौरव गौतम भी मौजूद रहेंगे।

एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों ने 14 स्वर्ण, 9 रजत और 9 कांस्य पदक जीते थे। स्वर्ण पदक विजेताओं को 3 करोड़ रुपए, रजत पदक विजेताओं को डेढ़ करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को 75 लाख रुपए दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को साढ़े 7 लाख रुपए की पुरस्कार राशि मिलेगी।

प्रदेश से एशियन गेम्स में कुल 91 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जिन्हें करीब 133 करोड़ रुपए दिए जाने हैं।

पैरा खेलों के 37 खिलाड़ी भी होंगे सम्मानित

समारोह में पैरा एशियन खेलों के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा। पैरा खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने 9 स्वर्ण, 9 रजत और 14 कांस्य पदक हासिल किए। कुल 37 खिलाड़ियों को करीब 52 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान हरियाणा और पंजाब की महिला टीमों के बीच सर्कल कबड्डी मैच भी होगा। इसके अलावा वेटरन महिला और पुरुषों की दौड़ करवाई जाएगी। सांसद धर्मबीर सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से भीम स्टेडियम में आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास में आसानी हो।

बारिश की आशंका, वाटरप्रूफ टेंट लगाया

मौसम विभाग की ओर से खराब मौसम की संभावना को देखते हुए समारोह स्थल पर वाटरप्रूफ शामियाने की व्यवस्था की गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस तैनात रहेंगी। बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के साथ मुख्य मंच और साउंड सिस्टम के लिए हाई-पावर जनरेटर का बैकअप भी रखा गया है।

8 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान आठ विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें भिवानी-चरखी दादरी रोड पर 84.33 करोड़ रुपए की लागत से बना एसटीपी और रेवाड़ी-भटिंडा रेलवे लाइन पर एलसी-52सी के पास 26.03 करोड़ रुपए की लागत से बना रेलवे ओवरब्रिज शामिल है।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में 7.47 करोड़ रुपए की लागत से बने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन स्कूल के सीनियर सेकेंडरी विंग का उद्घाटन भी किया जाएगा। इसके अलावा तोशाम में 4.14 करोड़ रुपए की लागत से ब्लॉक कार्यालय भवन और बामला में 4.32 करोड़ रुपए की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास होगा।

मुख्यमंत्री कैरू में 4.30 करोड़ रुपए, भाखड़ा में 7.23 करोड़ रुपए और ईश्वरवाल-द्वितीय में 4.28 करोड़ रुपए की लागत से बने 33 केवी सब स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे।

किसानों के खातों में भी आएगी पीएम किसान की किस्त

कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी में पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त का भी उल्लेख है। इसके तहत भिवानी जिले के 1,20,798 किसानों के खातों में 24 करोड़ 20 लाख 10 हजार रुपए आने हैं। देशभर में 9.3 करोड़ से अधिक किसानों को 18,600 करोड़ रुपए से ज्यादा की सहायता मिलने की उम्मीद है।

वाहनों के लिए दो जगह पार्किंग

समारोह में आने वाले वाहनों की पार्किंग भगत सिंह चौक के पास मेला ग्राउंड और शिक्षा बोर्ड परिसर में बनाई गई है। जींद और हांसी से आने वाले वाहन तिगड़ाना मोड़ से नए बाईपास और महम रोड होते हुए पहुंचेंगे। रोहतक, दादरी और लोहारू रोड से आने वाले वाहनों के लिए भी नए बाईपास और महम रोड का रास्ता निर्धारित किया गया है। तोशाम रोड से आने वाले वाहन बापोड़ा चौक, जेल बाईपास और तिगड़ाना मोड़ से होकर पार्किंग तक पहुंचेंगे।