दिल्ली में वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली:बिहार से तेजस्वी-राजेश राम होंगे शामिल, मुकेश सहनी को न्योता नहीं

इंडिया गठबंधन के आह्वान पर आज नई दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ राष्ट्रीय रैली आयोजित की गई है। बिहार से तेजस्वी यादव, राजेश राम, अखिलेश सिंह, सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

वहीं, VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी को न्योता नहीं दिया गया है। मुकेश सहनी ने कहा कि रैली में हमारी पार्टी के कई कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं और बिहार से कई बड़े-बड़े नेता गए हैं। हम लोग स्टेज पर कुर्सी के पीछे बैठने के लिए नहीं है, इसलिए बिहार में हम लोग लीड करेंगे।

पार्टी राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने कहा कि मुकेश सहनी दिल्ली पहुंच चुके हैं, मगर इंडिया ब्लॉक की ओर से रैली में आने का कोई निमंत्रण नहीं दिया गया है।

विपक्षी INDIA ब्लॉक वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और वोटरों के नाम काटने में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर प्रदर्शन कर रहा है। 1 नवंबर को ‘दिल्ली चलो’ मार्च और रामलीला मैदान में जनसभा होगी।

बिहार के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह

बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि इस राष्ट्रीय रैली को लेकर बिहार के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और जोश देखने को मिल रहा है।

यह रैली देश के लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के संकल्प को बुलंद करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।

कांग्रेस पार्टी का मानना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा के लिए जनता की आवाज को एकजुट होकर उठाना आवश्यक है।

विपक्ष की SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ 6 बैठकें-प्रदर्शन

INDIA ब्लॉक के नेता SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 6 से 13 अक्टूबर के बीच 8 बार प्रदर्शन कर चुके हैं।

कॉकरोच जनता पार्टी और लेफ्ट ने भी 10 अक्टूबर को इसी मुद्दे पर प्रदर्शन बुलाया था, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी। इस दौरान शहर में बैरिकेडिंग की गई थी, 45 मेट्रो स्टेशन बंद रहे और 7 हजार से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।

पटना में प्रदर्शन में तेजस्वी बैरिकेडिंग पर चढ़े थे

8 अक्टूबर को चुनाव आयोग और SIR के खिलाफ महागठबंधन ने पटना में प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए की गई बैरिकेडिंग पर तेजस्वी यादव चढ़ गए थे।

तेजस्वी यादव ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद कहा था कि, ‘ज्ञानेश कुमार को CEC बोलने में शर्म आती है। ज्ञानेश कुमार गुप्ता लोकतंत्र का हत्यारा है और महाचोर है।

सबसे ज्यादा जरूरी है मोदी जी और अमित शाह को हटाना।’ इधर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम हाथों में हथकड़ी लगाकर संविधान की कॉपी के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए थे।