कुशीनगर में ट्रेलर और मारुति ईको वैन की आमने टक्कर हो गई। वैन सवार पिता-दो बेटों समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। सभी लोग रिश्तेदार के तिलक समारोह से होकर लौट रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार 8 लोग अंदर ही फंस गए। धमाके जैसी आवाज हुई। ट्रेलर का केबिन टूटकर मुड़ गया। सड़क पर वैन के पार्ट्स बिखर गए। आगे का हिस्सा पिचककर पीछे से सीटों से भिड़ गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर से ईको के गेट काटकर फंसे लोगों को निकाला। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
हादसा जिला मुख्यालय से करीब 46 किमी दूर नेशनल हाईवे-28 पर हाटा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। मृतकों में रामबिलास गुप्ता (65), उनके बड़े बेटे कन्हैया प्रसाद गुप्ता (40), छोटे बेटे राम मिलन गप्ता (35), पड़ोसी मृदुल मिश्रा (37), भतीजे रंजय गुप्ता (35) और चालक मिथलेश गुप्ता (22) शामिल हैं।
अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए-
जानकारी के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलूही गांव के रहने वाले रामबिलास गुप्ता रहते थे। उनके बड़े कन्हैया प्रसाद की पत्नी कमलावती मौजूदा ग्राम प्रधान हैं। रामबिलास के एक रिश्तेदार का तिलक महाराजगंज हाटा कोतवाली क्षेत्र के देवराज पिपरा गांव आया था।
तिलक में शामिल होकर लौट रहे थे
तिलक में शामिल होने के लिए रामबिलास अपने दो बेटों कन्हैया प्रसाद, राम मिलन और राम मिलन के दो बेटे आयुष और आर्यन को लेकर गांव ही मिथलेश की ईको वैन बुक कर जा रहे थे। जाते समय प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया ने अपने पड़ोसी मृदुल मिश्रा और भतीजे रंजय गुप्ता को भी साथ में ले लिया।
वैन में सभी 8 लोग सवार होकर देवराज पिपरा गए। वहां कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सभी रात को घर भलूही गांव लौट रहे थे।
घर से 45 किमी पहले हादसा
बताया जाता है कि वैन में फुल वोल्यूम पर गाना बज रहा था। इसी दौरान घर से करीब 45 किमी पहले एनएच-28 पर हाटा कोतवाली क्षेत्र के हाटा-पिपराइच मार्ग पर थरूआडीह गांव के पास उनकी वैन सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई।
प्रधान के ससुर व चालक का सिर फटा
टक्कर के बाद तेज धमाके जैसी आवाज हुई। टक्कर के बाद वैन पूरी तरह से पिचक गई। वैन चला रहा मिथलेश और आगे बैठे रामबिलास का सिर बुरी तरह फट गया। पीछे वाली सीट पर बैठे कन्हैया प्रसाद, राम मिलन, मृदुल मिश्रा और रंजय गुप्ता के सिर और चेहरे पर चोट लगी। जिससे 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वैन फंसकर आयुष और आर्यन घायल होकर तड़पने लगे। ट्रेलर टक्कर के बाद सड़क किनारे उतर गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दोनों बच्चों को निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया। इसके बाद शवों को निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
छुट्टी पर घर आए थे CRPF जवान
जान गंवाने वाले रंजय CRPF जवान थे। उनकी तैनाती छत्तीसगढ़ में थी। रंजय दशहरे की छुट्टी पर घर आए थे। छुटि्टयां खत्म होने के बाद 5 नवंबर को वापस जाने वाले थे। उससे पहले ही हादसा हो गया। उनके परिवार में दो बेटियां, एक बेटा है।
मृदुल मिश्रा (35), पुत्र नर्मदा मिश्रा के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। वह घर पर रहकर खेती-किसानी करते थे। जबकि वैन चालक मिथलेश गुप्ता अविवाहित थे। चौराहे पर चाउमीन और बर्गर का ठेला लगाते थे। उनके पास ईको कार भी। बुकिंग मिलने पर ईको लेकर जाते थे।
हादसे के बाद प्रधान के परिवार में कोहराम मचा है। पड़ासी मृदुल के बच्चों को रो रोकर बुरा हाल है। जबकि चालक की मां रोते रोते बेहोश हा जा रही हैं।
ASP सिद्धार्थ वर्मा ने बताया-
बीती रात को ट्रक और वैन की आमने-सामने टक्कर हुई है। दो घायलों को गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।