लुधियाना में एक पति ने अपनी पत्नी के बॉयफ्रेंड को लकड़ी के बल्ले से पीट-पीटकर मार डाला। आरोपी ने भाई के साथ मिलकर उसका सिर फोड़ दिया। फिर भागने वाला था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसने पुलिस के सामने पत्नी और उसके प्रेमी की कहानी का खुलासा किया।
उसने बताया है कि युवक उसकी पत्नी को 3 बार घर से भगा ले जा चुका था। उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह माना नहीं। वह गांव में उसकी बेइज्जती करवा रहा था। इसलिए, उसने युवक को मार डाला।
मृतक की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गुजरात के अहमदाबाद का रहने वाला था। आरोपी की पहचान जसविंदर सिंह के रूप में हुई है। वह समराला के गांव चावा का रहने वाला था। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका भाई कुलदीप सिंह अभी फरार है।
पत्नी के प्रेम संबंध से शुरू हुआ विवाद
- घर आता जाता रहता था आरोपी: जानकारी के अनुसार, गुजरात के अहमदाबाद का रहने वाला 24 वर्षीय राजकुमार काफी समय से समराला क्षेत्र के गांव भौरले में रह रहा था। वह एक निजी फैक्ट्री में ड्राइवर था और उसका गांव चावा में काफी आना-जाना था। इसी दौरान उसकी जान-पहचान चावा गांव के निवासी जसविंदर सिंह की पत्नी से हुई और उसके घर आना-जाना शुरू किया।
- दोनों में बने अवैध संबंध: जसविंदर सिंह का कहना है कि जब वह घर पर नहीं होता था तो राजकुमार उसके घर आ जाता था। उसने पत्नी के साथ अवैध संबंध बनाए। जब उसे इनके रिश्ते का पता चला तो उसने दोनों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए।
- पत्नी को तीन बार भगाकर ले गया: पति जसविंदर का कहना है कि राजकुमार को जब घर आने से रोका तो वह उसकी पत्नी को भगाकर ले गया। ऐसा उसने एक बार नहीं, बल्कि 3 बार किया। राजकुमार को हर बार समझाया गया, लेकिन वह माना नहीं। राजकुमार की हरकतों से सामाजिक तौर पर जसविंदर की बेइज्जती हो रही थी।
- पंचायत के फैसले के बाद भी नहीं माना: आरोपी का कहना है कि पत्नी के बार-बार घर छोड़कर जाने और राजकुमार के साथ संबंध रखने से परेशान होकर उसने कई बार बीच-बचाव की कोशिश की। गांव के गणमान्य लोगों और परिजन के स्तर पर भी बातचीत हुई। राजकुमार को कई बार समझाया, मिन्नतें कीं और साफ शब्दों में चेतावनी भी दी कि वह उसकी शादीशुदा जिंदगी में दखल देना बंद करे। वह फिर भी नहीं माना।
खाली मकान में घेरा, बल्लों से मारा
आरोपी जसविंदर सिंह ने पुलिस को बताया है कि रविवार को दीपावली वाले दिन उसे पता चला कि राजकुमार गांव चावा में आया हुआ है। जसविंदर ने अपने भाई कुलदीप सिंह को साथ लिया। दोनों भाइयों ने राजकुमार का पीछा किया और उसे गांव के ही एक सुनसान खाली मकान में घेर लिया।
जसविंदर ने राजकुमार के साथ मारपीट की। दोनों भाइयों ने लकड़ी के बल्लों से उस पर अंधाधुंध वार किए। राजकुमार अपनी जान बचाने के लिए गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन वे उसे तब तक मारते रहे, जब तक वह मर नहीं गया। राजकुमार के सिर, चेहरे और शरीर के नाजुक हिस्सों पर चोट लगी थीं। वह फर्श पर लहूलुहान पड़ा था। ज्यादा खून बह जाने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
SHO बोले- मुख्य आरोपी गिरफ्तार, भाई की तलाश जारी
इस मामले में समराला थाना प्रभारी पवित्र सिंह का कहना है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने की फिराक में थे। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस टीम पहुंची और राजकुमार का शव कब्जे में लिया। उसे पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल समराला भेज दिया। आरोपी जसविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ चल रही है। उसका भाई कुलदीप सिंह अभी फरार है।