कुरुक्षेत्र में बाइक सवार दोस्तों को कार ने कुचला:UP के युवक की मौत, साथी गंभीर; दिवाली पर घर जाते वक्त हादसा

कुरुक्षेत्र के नेशनल हाईवे-44 पर खानपुर कोलियां गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 2 दोस्त सड़क पर घिसटते हुए रेलिंग से टकरा गए। दोनों को गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान राममिलन (30) निवासी गेठा, जिला सीतापुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह लुधियाना में सिलाई का काम करता था। राममिलन का घायल दोस्त अभिराज वर्मा निवासी रुदन खेड़ा, जिला हरदोई, उत्तर प्रदेश भी लुधियाना में सिलाई का काम करता है।

कार ने मारी बाइक के पीछे टक्कर

अभिराज वर्मा ने पुलिस को बताया कि उसके दोस्त राममिलन दिवाली पर गांव जाने के लिए कह रहा था। उसकी बात मानते हुए वे राममिलन की बाइक पर सवार होकर लुधियाना से गांव के लिए रवाना हुए। बाइक राममिलन ही चला रहा था, जबकि वो पीछे बैठा था।

सुबह करीब 4 बजे वे खानपुर कोलियां के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार कार आई। ड्राइवर ने कार लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई।

बाइक समेत घिसटते गए दोस्त

हादसे के बाद वे बाइक समेत सड़क पर घिसटते हुए दूर तक चले गए। दोनों को काफी चोटें आईं। इसी दौरान सब्जी लदी रेहड़ी वाली बाइक पर जा रहे 2 राहगीर भी मौके पर रुक गए। उन्होंने उनको उठाकर सड़क किनारे किया। वहीं, घायलों की गंभीर हालत देखकर ड्राइवर अपनी कार लेकर दिल्ली की तरफ फरार हो गया।

अस्पताल में दोस्त की मौत का पता चला

अभिराज ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान उसे पता चला कि हादसे में लगी चोटों के कारण उसके दोस्त राममिलन की मौत हो गई है। हादसे में घायल अभिराज का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने केस दर्ज का जांच शुरू कर दी।

परिवार को सूचना देकर बुलाया

उधर, पुलिस की जांच और घायल बताए गए के कार का नंबर में फर्क है। पुलिस उसकी जांच कर रही है। पुलिस ने राममिलन के परिवार को सूचना दी। पुलिस के बुलावे पर राममिलन का परिवार कुरुक्षेत्र आ रहा है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।