फरीदाबाद में 80% भुगतान के बाद भी नहीं मिले फ्लैट:दूसरों को बेचने का आरोप; कंपनी के खिलाफ FIR दर्ज

फरीदाबाद के सेक्टर-45 स्थित सरवोम (Sarvome) प्रोजेक्ट में फ्लैट खरीदारों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कंपनी ने 3 फ्लैट की कुल कीमत का 80 प्रतिशत से अधिक भुगतान लेने के बावजूद खरीदारों का आवंटन रद्द कर दिया। इसके बाद वर्ष 2024 में वही फ्लैट दूसरे लोगों को बेच दिए गए।

मामले में राजीव नाथवानी, हरि राम और गौरव नाथवानी ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कंपनी जॉतिंद्रा स्टील (इंफ्रास्ट्रक्चर) लिमिटेड के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि फ्लैट ICICI बैंक के पास गिरवी रखे गए थे, इसके बावजूद कंपनी ने उन्हें दूसरे खरीदारों को बेच दिया। पुलिस ने आर्थिक अपराध शाखा की जांच और कानूनी राय के बाद सूरजकुंड थाने में मामला दर्ज किया है।

2023-24 में जमा कराई थी 80% से ज्यादा रकम

शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उन्हें सेक्टर-45 स्थित सरवोम प्रोजेक्ट में 2 कमरे वाले फ्लैट आवंटित किए गए थे। इसके लिए उन्होंने वर्ष 2023-24 में फ्लैट की कुल कीमत का 80 प्रतिशत से अधिक भुगतान कर दिया था।

आरोप है कि कंपनी ने वर्ष 2024 में उनका आवंटन रद्द कर दिया और फ्लैट दूसरे खरीदारों को बेच दिए। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, उस समय प्रोजेक्ट का निर्माण भी पूरा नहीं हुआ था, जबकि कंपनी ने वर्ष 2024 में निर्माण पूरा करने का भरोसा दिया था।

ICICI बैंक के पास भी गिरवी होने का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया कि संबंधित फ्लैट ICICI बैंक के पास गिरवी रखे गए थे। इसके बावजूद कंपनी ने कथित तौर पर उन्हें दूसरे लोगों को बेच दिया। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर से कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी।

EOW की जांच के बाद सूरजकुंड थाने में केस

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सितंबर 2026 में जनसुनवाई के माध्यम से शिकायत पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची थी। इसके बाद इसे आर्थिक अपराध शाखा (EOW), एनआईटी फरीदाबाद को जांच के लिए भेजा गया। जांच के दौरान एडीए से कानूनी राय ली गई। इसके बाद कंपनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 316(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।