जालंधर में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराया कैंटर, ड्राइवर की मौत:फिल्लौर में नेशनल हाईवे पर सुबह हादसा, कैबिन काटकर निकाला शव

जालंधर के फिल्लौर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह 4 बजे आयशर कैंटर और विज्ञापन होर्डिंग लदी स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कैंटर ड्राइवर सुखपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। वह क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गया था। रोड सेफ्टी फोर्स (SSF) की टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर (नंबर PB11 CT 8318) का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक सुखपाल सिंह का पैर बुरी तरह टूट गया था और वह केबिन में फंसा हुआ था। राहगीर की सूचना पर SSF इंचार्ज जसविंदर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला।

मौके पर ट्राइएज टीम ने घायल को प्राथमिक उपचार दिया और पैर पर पट्टी बांधकर खून रोकने का प्रयास किया। इसके बाद नेशनल हाईवे एंबुलेंस 1033 की मदद से उसे सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

SSF इंचार्ज जसविंदर सिंह के मुताबिक, कैंटर की टक्कर स्वराज 735 ट्रैक्टर-ट्रॉली से हुई थी, जिस पर बड़ा विज्ञापन होर्डिंग लगा हुआ था। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग गया।

हाईवे पर यातायात प्रभावित

हादसे के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। NHAI की टीम ने हाइड्रा क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए फिल्लौर थाने के मुंशी को सूचना दे दी गई है।