लुधियाना में एक प्रॉपर्टी डीलर और उसके परिवार को 3 करोड़ रुपए की फिरौती के लिए धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति अलग-अलग मोबाइल नंबरों से प्रॉपर्टी डीलर और उसके भाई को फोन कर फिरौती मांग रहा है। दोनों भाइयों को अलग-अलग समय पर कॉल आई हैं।
आरोपी ने 12 नंबर को वॉट्सएप पर धमकी भरे मैसेज और वॉयस मैसेज भी भेजे हैं। मामले में अभी तक किसी गैंग का नाम सामने नहीं आया है। पुलिस कॉल करने वाले नंबरों की जांच कर रही है।
शिकायतकर्ता दीपक गुप्ता निवासी न्यू शिवाजी नगर ने पुलिस को बताया कि उसके मोबाइल और उसके भाई संदीप गुप्ता के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति अलग-अलग नंबरों से कॉल कर रहा है।
विदेशी नंबरों से आई कॉल
आरोपी ने भारतीय और विदेशी नंबरों पर कॉल की। इन कॉल के जरिए 3 करोड़ रुपये की फिरौती मांगते हुए धमकियां दी जा रही हैं। इसके अलावा आरोपी ने व्हाट्सएप पर धमकी भरे मैसेज और वॉयस मैसेज भी भेजे हैं।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की। इसके आधार पर थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 308 (2) के तहत केस दर्ज किया है।
कॉल करने वाले नंबरों की जांच कर रही पुलिस
एसएचओ गुरजीत सिंह ने कहा कि पुलिस अब कॉल करने वाले नंबरों की जांच कर रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि धमकी देने वाला किसी गैंग से जुड़ा है या नहीं।