सीवान में एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और एके-47 से हत्या करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। रंगदारी मांगने वाला कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि ग्रामीण कार्य विभाग में पदस्थापित असिस्टेंट इंजिनियर निकला।
नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने FIR दर्ज होने के 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
उसकी पहचान ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल सीवान-1 में पदस्थापित सहायक अभियंता सदर-1 रफीक आलम के रूप में हुई है।
डाक से भेजा था एक करोड़ की रंगदारी का लेटर
ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल सीवान-1 के एग्जीक्यूटिव इंजिनियर राजेश कुमार चौधरी को 10 नवंबर की शाम डाक से धमकी भरा लेटर मिला था।
इसमें उनसे एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। लेटर भेजने वाले ने खुद को भाकपा माले तिरहुत प्रक्षेत्र का एरिया कमांडर लोहा सिंह बताया था।
लेटर में 14 नवंबर को पटना के सगुना मोड़ की तरफ जाने वाली सड़क पर काली स्कॉर्पियो में मौजूद लाल गमछा लगाए व्यक्ति को एक करोड़ रुपए देने का निर्देश दिया गया था।
रकम नहीं देने या किसी तरह की चालाकी करने पर सीवान से पटना जाने के दौरान एके-47 से भून देने की धमकी दी गई थी।
डिजिटल और ह्यूमन एविडेंस से खुला मामला
धमकी भरा लेटर मिलने के बाद असिस्टेंट इंजिनियर ने मंगलवार शाम नगर थाने में आवेदन देकर FIR दर्ज कराई थी। इसके बाद नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने जांच शुरू की।
पुलिस ने डिजिटल और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर लेटर भेजने वाले की पहचान की। जांच में सामने आया कि धमकी भरा पत्र विभाग में ही कार्यरत सहायक अभियंता रफीक आलम ने भेजा था।
गुरुवार को पूरे दिन चली जांच के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस तरह प्राथमिकी दर्ज होने के 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा हो गया।
कैमूर का रहने वाला है गिरफ्तार अभियंता
गिरफ्तार रफीक आलम मूल रूप से कैमूर (भभुआ) जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के सराय फकड़ा बाढ़ का रहने वाला है। वह अजीजुल रहमान का पुत्र है और ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल सीवान-1 में सहायक अभियंता सदर-1 के पद पर पदस्थापित है।
रंगदारी मांगने के पीछे की वजह की जांच
फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि सहायक अभियंता ने अपने ही कार्यालय के कार्यपालक अभियंता को एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और एके-47 से हत्या की धमकी देने वाला पत्र क्यों भेजा।
इस साजिश के पीछे की वजह और अन्य संभावित पहलुओं का पता लगाया जा रहा है।