बेटे ने जमीन बेची, परिवार ने खाया जहर,3 की मौत:वैशाली में मां-पत्नी, बेटे की मौत, बेटी की हालत गंभीर; प्रॉपर्टी बेचेने पर नाराज थी फैमिली

बिहार के वैशाली में जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद के बाद एक ही परिवार के चार लोगों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना में मां, पत्नी और 12 साल के बेटे की मौत हो गई, जबकि 15 साल की बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना गोरौल थाना क्षेत्र के प्रेमराज गांव की है। मृतकों की पहचान निर्मला देवी (55), सीमा देवी (35) और मुन्ना कुमार (12) के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से बीमार ऋषिका (15) का इलाज चल रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परिवार में जमीन बेचने को लेकर विवाद चल रहा था। इसे लेकर परिवार में विरोध शुरू हो गया था। आरोप है कि विरोध करने पर राहुल ने मारपीट की और घर से बाहर चला गया। इसी विवाद के बाद गुरुवार रात परिवार के चार सदस्यों ने कथित तौर पर जहर खा लिया।

जमीन की रजिस्ट्री का पता चलने पर पत्नी ने निकाली थी डुप्लीकेट कॉपी

बताया जा रहा है कि राहुल कुमार ने बीते शनिवार को जमीन बेची थी। इसकी जानकारी जब पत्नी सीमा देवी को हुई तो वह रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचीं और जमीन के दस्तावेज की डुप्लीकेट कॉपी निकलवाई। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों ने भी जमीन बेचने का विरोध किया।

मारपीट के बाद राहुल ने घर छोड़ा

इस बात को लेकर घर में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि राहुल ने विरोध करने पर परिजनों के साथ मारपीट की। इसके बाद वह घर छोड़कर चला गया। राहुल के घर से जाने के बाद परिवार के चार सदस्यों ने गुरुवार रात कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया।

तीन की मौत, बेटी की हालत गंभीर

जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, मां निर्मला देवी, पत्नी सीमा देवी और बेटे मुन्ना कुमार की मौत हो गई। वहीं, बेटी ऋषिका की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर गोरौल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया है।

फरार राहुल की तलाश में छापेमारी

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से राहुल कुमार फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस जमीन विवाद, मारपीट और परिवार के चार सदस्यों के जहरीला पदार्थ खाने के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पुलिस जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।