उदयपुर जिले के वल्लभनगर क्षेत्र के भंवरासिया ग्राम पंचायत में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए आरक्षित सीट पर ओबीसी कैटेगरी का व्यक्ति सरपंच बन गया।
यहां पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण में 24 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी। सरपंच पद के लिए कुल 11 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें एक जगदीश भाट भी थे, जो चुनाव जीतकर सरपंच बने।
उनके नामांकन पर अन्य प्रत्याशियों ने रिटर्निंग ऑफिसर (RO) के सामने आपत्ति लगाई। कहा- SC वर्ग के सरपंच पद पर ओबीसी वर्ग का उम्मीदवार कैसे नामांकन कर रहा है।
शिकायकर्ता और हारे हुए उम्मीदवार दुर्गा शंकर मेघवाल का आरोप है कि SC का फर्जी सर्टिफिकेट लगाया गया था। इसकी शिकायत ग्राम पंचायत का चुनाव कराने आए रिटर्निंग अधिकारी को दर्ज कराई, लेकिन नामांकन खारिज नहीं किया।
इस संबंध में जिला न्यायालय उदयपुर में 6 अक्टूबर को अर्जी दाखिल की गई है, जो प्रक्रियाधीन है।
इधर, एसडीएम का कहना है कि नामांकन पत्र में SC का सर्टिफिकेट लगा था, उसमें गड़बड़ी नहीं थी।
आरओ ने खारिज नहीं किया नामांकन
इस बीच वहां लगे आरओ ने नामांकन इस आधार पर खारिज नहीं किया कि नामांकन के साथ SC कैटेगरी का सर्टिफिकेट लगा हुआ है।
एसडीएम बोले- सर्टिफिकेट आधार था
वल्लभनगर के उपखंड अधिकारी (एसडीएम) आरसी वड़ेरा ने बताया- जिला निर्वाचन विभाग की ओर से भंवरासिया में लगे आरओ ने शिकायत पर अपने स्तर पर निर्णय किया।
निर्वाचन आयोग की ओबीसी सूची में दूसरे नंबर पर है भाट
राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर ओबीसी वर्ग की जो सूची दे रखी है, उसमें 2 नंबर पर भाट जाति को ओबीसी में बता रखा है।
129 वोट से जीते थे चुनाव
भंवरासिया ग्राम पंचायत में जगदीश भाट ने 129 वोट से सरपंच का चुनाव जीता था। उन्हें 696 वोट मिले थे। वहीं, उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी दुर्गा शंकर मेघवाल को 567 वोट मिले थे।
बता दें कि भंवरासिया ग्राम पंचायत इस बार दरोली से टूटकर नई ग्राम पंचायत बनी है।