जयपुर में गुरुवार को एक बार फिर तेज रफ्तार थार का कहर देखने को मिला। थार ने पैदल जा रहे युवक को उसके घर के पास ही टक्कर मारी। इसके बाद ड्राइवर ने वापस गाड़ी को बैक किया और युवक को कुचला। हादसे का सीसीटीवी भी सामने आया है। युवक 18 भाई-बहन की मौत के बाद पैदा हुआ था और घर में इकलौता बेटा था।
हादसा शास्त्रीनगर इलाके के नाहरी का नाका स्थित स्वामी बस्ती में दोपहर करीब एक बजे का है। युवक के परिजन और स्थानीय लोग आरोपी ड्राइवर को पकड़ने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए थे। इस दौरान युवक की बहन ललिता बोलीं- ‘मेरे भाई के हत्यारे की लाश मेरी गोद में दे दो, जैसे मैं अपने भाई की लाश को गोद में लेकर बैठी हूं।’ परिजनों का आरोप है कि यह हादसा नहीं है, बल्कि जानबूझकर कुचला गया है।
एडिशनल डीसीपी नॉर्थ सेकेंड बजरंग सिंह ने बताया कि हादसे में स्वामी बस्ती निवासी गणेश स्वामी (40) की मौत हो गई। पुलिस ने बंधा बस्ती निवासी शाहरुख और अरशद को डिटेन कर थार गाड़ी को जब्त कर लिया। पूछताछ के बाद अरशद को गिरफ्तार कर लिया और शाहरुख को छोड़ दिया। हादसे के समय अरशद ही गाड़ी चला रहा था।
भाई पानी पीने के बाद लौट रहा था
ललिता ने बताया कि उसका और भाई का घर पड़ोस में ही है। भाई मेरे घर पर पानी पीने के बाद वापस जा रहा था। इस दौरान थार ने टक्कर मार दी। मैं और मेरा चचेरा भाई दौड़कर गए। चेहरे और शरीर पर गंभीर चोट थी।
युवक के 18 भाई-बहन नहीं रहे थे जीवित
चाचा वेदप्रकाश सोलंकी ने कहा कि सुबह ही गणेश को अच्छे-भले देखा था। गणेश से पहले बड़े भाई के 18 बच्चे हुए थे, लेकिन कोई जीवित नहीं रह पाया था। गणेश के जन्म पर परिवार ने खुशियां मनाई थीं। गणेश मजदूरी करता था। परिवार में पत्नी आशा (39), बेटा सन्नी (15) और बेटी मोनिका (12) हैं।
लोगों ने दिया धरना
हादसे के बाद युवक के परिवार और स्थानीय लोग सड़क पर धरने पर बैठ गए थे। परिवार का आरोप है कि थार ड्राइवर ने जानबूझकर टक्कर मारी है। मौके पर भीड़ को देखते हुए 5 थानों की पुलिस भी तैनात रही थी।