पुल से नदी में गिरी स्कॉर्पियो, 6 लोगों की मौत:तिलक समारोह से लौट रहे थे लड़की के घर वाले; कार से खींचकर निकाली गई डेड बॉडी

बिहार के अररिया जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर 15 फीट नीचे नदी में जा गिरी। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है। डेड बॉडी को गाड़ी से खींचकर निकाला गया।

एक व्यक्ति की जान बच गई है। उसे इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। गाड़ी में कुल 7 लोग सवार थे।

हादसा बुधवार ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के मदनपुर-सिकटी मार्ग पर बीड़ी पुल के पास रात करीब 11:45 बजे हुआ।

बताया जाता है कि स्कॉर्पियो तेज मोड़ पर अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे की रेलिंग को तोड़ते हुए नदी में जा गिरी।

तिलक समारोह से लौट रहे थे लड़की के रिश्तेदार

सभी लोग अररिया के सिकटी प्रखंड के भपटीयाई गांव में तिलक समारोह में शामिल होकर सुपौल लौट रहे थे। तिलक समारोह खत्म होने के बाद लड़की के रिश्तेदार स्कॉर्पियो से अपने घर जा रहे थे।

पानी में दम घुटने से हुई मौत

गाड़ी नदी में गिरने के बाद उसमें पानी भरने लगा और गाड़ी में सवार लोग अंदर फंस गए। गाड़ी में पानी भरने लगा और गाड़ी में बैठे लोग बाहर नहीं निकल पाए। बताया जाता है कि पानी में दम घुटने से 6 लोगों की मौत हो गई।

हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। कुछ लोगों ने रस्सी से गाड़ी बांधी और जेसीबी की मदद से उसे नदी से बाहर निकाला।

स्थानीय कश्यप कौशल ने बताया कि तिलक समारोह में सुपौल से लड़की पक्ष वाले लोग आए थे। खाना खाकर वो लोग निकले थे, कुछ देर बाद हमलोगों को जानकारी मिली कि एक कार नदी में गिर गई है। गाड़ी में 7 लोग थे, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई।

लोग बोले- पुल का स्ट्रक्टर ही खराब है

हादसे के बाद स्थानीय निवासी रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि बीड़ी पुल पर दुर्घटनाएं होना आम बात हो गई है। पुल के दोनों तरफ काफी तीखा मोड़ है, जिसके कारण आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। दिन के समय भी ई-रिक्शा, टोटो और अन्य यात्री वाहन नदी में गिरने से बाल-बाल बचते हैं।

उन्होंने कहा कि इस पुल की बनावट ही गलत है। कई बार दुर्घटनाएं होने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को भी इस समस्या की जानकारी है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में गंभीर प्रयास नहीं हुए हैं।