भोपाल में आज से महिला हॉकी का अंतरराष्ट्रीय रोमांच:6 देशों की टीमें एशियन चैंपियनशिप में खिताब के लिए भिड़ेंगी; भारत का पहला मुकाबला मलेशिया से

भोपाल में गुरुवार (19 नवंबर) से महिला हॉकी का अंतरराष्ट्रीय रोमांच शुरू होने जा रहा है। मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 में भारत सहित छह देशों की टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी।

19 से 28 नवंबर तक होने वाली इस चैंपियनशिप में मेजबान भारत के अलावा चीन, जापान, कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमें भोपाल पहुंच चुकी हैं और टूर्नामेंट की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब मुकाबलों का इंतजार है।

पहले दिन तीन मुकाबले, शाम को उद्घाटन समारोह

प्रतियोगिता के पहले दिन हॉकी प्रेमियों को तीन मुकाबले देखने को मिलेंगे। दोपहर 12:15 बजे चीन और थाईलैंड के बीच उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे जापान और कोरिया की टीमें आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम शाम 4:45 बजे मलेशिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद शाम 6:30 बजे टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह आयोजित होगा।

महिला हॉकी का अंतरराष्ट्रीय आयोजन पहली बार

भोपाल में इससे पहले वर्ष 2009 में वर्ल्ड सीरीज हॉकी का आयोजन किया गया था। हालांकि, महिला हॉकी का अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट शहर में पहली बार आयोजित हो रहा है। ऐशबाग स्टेडियम में कई वर्षों तक पुरुष हॉकी के नेशनल टूर्नामेंट भी आयोजित किए जाते रहे हैं। छह देशों की टीमों की मौजूदगी से भोपाल को अंतरराष्ट्रीय हॉकी की मेजबानी का एक और मौका मिला है।

चीन वर्ल्ड रैंकिंग में चौथे, भारत सातवें स्थान पर

टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही छह टीमों की वर्ल्ड रैंकिंग में चीन चौथे स्थान के साथ सबसे आगे है। भारतीय टीम सातवें स्थान पर है। जापान 11वें, कोरिया 15वें, मलेशिया 21वें और थाईलैंड 28वें स्थान पर है। एशियाई रैंकिंग में चीन पहले और भारत दूसरे स्थान पर है। ऐसे में भारतीय टीम के सामने घरेलू मैदान पर अच्छा प्रदर्शन कर खिताब की दावेदारी मजबूत करने की चुनौती होगी।

लीग चरण में भारत के पांच मुकाबले

भारतीय टीम लीग चरण में अपने पांचों प्रतिद्वंद्वी देशों से भिड़ेगी। टीम का पहला मुकाबला 19 नवंबर को मलेशिया से होगा। इसके बाद 21 नवंबर को कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से सामना होगा।

पहले दिन भारत और मलेशिया के मुकाबले का समय शाम 4:45 बजे रखा गया है, जबकि भारत के बाकी चार लीग मैच शाम 7 बजे खेले जाएंगे।

27 को पोजिशन मैच, 28 नवंबर को गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला

लीग चरण के मुकाबले 25 नवंबर को समाप्त होंगे। इसके बाद 27 नवंबर को टीमों की पोजिशन के आधार पर तीन मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर 2 बजे पांचवें और छठे स्थान की टीमें भिड़ेंगी। शाम 4:30 बजे पहले और चौथे स्थान की टीमों के बीच तथा शाम 7 बजे दूसरे और तीसरे स्थान की टीमों के बीच मुकाबला होगा।

28 नवंबर को शाम 4:30 बजे ब्रॉन्ज मेडल और शाम 7 बजे गोल्ड मेडल के लिए मैच खेला जाएगा। इसी के साथ 10 दिन तक चलने वाली इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप का समापन होगा।

घरेलू मैदान पर भारतीय टीम पर रहेंगी नजरें

भोपाल में छह देशों की महिला हॉकी टीमों की मौजूदगी से अंतरराष्ट्रीय खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। भारतीय टीम को घरेलू दर्शकों का समर्थन मिलेगा। टूर्नामेंट में चीन और जापान जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी अहम रहेगा।