पठानकोट-अमृतसर के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन में शुक्रवार को तकनीकी खराबी आ गई। ट्रेन में एक ही ब्रेक होने के कारण शंटिंग में दिक्कत हुई। इस कारण ट्रेन निर्धारित समय से करीब एक घंटा 20 मिनट देरी से पठानकोट सिटी रेलवे स्टेशन से रवाना हुई।
वहीं ट्रेन की देरी से यात्रियों के जरूरी काम भी प्रभावित हुए। ट्रेन संख्या 14653/14654 का पठानकोट से अमृतसर जाने का निर्धारित समय सुबह 7:20 बजे है। शुक्रवार को ट्रेन करीब 7:28 बजे पठानकोट सिटी रेलवे स्टेशन पहुंची।
इसके बाद इसे सुबह 7:55 बजे अमृतसर के लिए रवाना किया जाना था। हालांकि तकनीकी दिक्कत के चलते ट्रेन को बडोली रेलवे स्टेशन के आउटर से वापस पठानकोट सिटी स्टेशन लाना पड़ा। इसके बाद कर्मचारियों ने इंजन बदलने की प्रक्रिया पूरी की।
ट्रेन करीब 8:40 बजे अमृतसर के लिए रवाना हो सकी। हालांकि, आगे बडोली में क्रॉसिंग के चलते ट्रेन को करीब 10 मिनट और रुकना पड़ा।
- इंटरव्यू और नौकरी पर पहुंचने में हुई देरी: ट्रेन में सफर कर रहे दीपक ने बताया कि उन्हें अमृतसर में दोपहर 12:30 बजे इंटरव्यू के लिए पहुंचना था, लेकिन ट्रेन की देरी के कारण उनका इंटरव्यू प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, निजी कंपनी में काम करने वाले सुभाष सिंह ने बताया कि उनकी दोपहर 12 बजे शिफ्ट थी, लेकिन देरी ने पूरा शेड्यूल बिगाड़ दिया।
- सुबह 7 बजे से स्टेशन पर खड़े थे: यात्री राहुल ने बताया कि वह किसी जरूरी काम से अमृतसर जाने के लिए सुबह 7 बजे से स्टेशन पर खड़े थे। ट्रेन करीब 7:30 बजे स्टेशन पहुंची, लेकिन इसके बावजूद उन्हें करीब 8:40 बजे तक इंतजार करना पड़ा। ट्रेन की देरी के कारण जरूरी काम प्रभावित होगा।
- पहले ही बदल लेना चाहिए था इंजन: यात्री मोहनलाल ने रेलवे कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि ट्रेन का इंजन बदलना ही था तो यह काम पठानकोट सिटी रेलवे स्टेशन पर पहले ही कर लिया जाना चाहिए था। यात्रियों को बडोली के आउटर तक ले जाकर वापस लाने से उनका बहुमूल्य समय बर्बाद हुआ। उन्होंने रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
- यात्रियों के लिए लाइफलाइन मानी जाती है: यात्री सचिन ने कहा कि पठानकोट-अमृतसर के बीच चलने वाली यह पैसेंजर ट्रेन दोनों शहरों के बीच आम यात्रियों के लिए लाइफलाइन मानी जाती है। इसके बावजूद ट्रेनों का आए दिन देरी से चलना परेशानी का सबब बना हुआ है।
- कार्यप्रणाली से यात्रियों का भरोसा कम: सचिन ने कहा कि रेलवे की ऐसी कार्यप्रणाली से यात्रियों का भरोसा कम हो रहा है और इसका सीधा फायदा निजी बस ऑपरेटरों को मिल रहा है। रेलवे को निर्धारित समय पर ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित करना चाहिए।
एक ब्रेक होने के कारण आई दिक्कत: डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट मौके पर तैनात डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट ने बताया कि ट्रेन में एक ही ब्रेक होने के कारण तकनीकी दिक्कत आई। इस वजह से शंटिंग की प्रक्रिया में अधिक समय लग गया और ट्रेन देरी से रवाना हुई।