हरियाणा-सबसे लंबे समय तक कांग्रेस अध्यक्ष रहे मुलाना का निधन:4 बार विधायक बने, हुड्‌डा सरकार में मंत्री रहे; बेटा सांसद, बहू विधायक

हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी फूल चंद मुलाना का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वे 85 साल के थे और किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। उनका मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा था।

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वे पंचकूला स्थित अपने घर पर थे। शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह करीब 9 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। आज उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए अंबाला लाया जाएगा।

फूल चंद मुलाना हरियाणा कांग्रेस में सबसे लंबे समय तक प्रदेशाध्यक्ष रहे। उन्होंने करीब साढ़े 6 साल तक पार्टी की कमान संभाली। वे मुलाना विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे।

उनके बेटे वरुण चौधरी अंबाला से कांग्रेस सांसद हैं, जबकि बहू पूजा चौधरी मुलाना से विधायक हैं। वरुण चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पिता के निधन की जानकारी दी।

वकालत से राजनीति में आए, 1972 में विधायक बने

फूल चंद मुलाना का जन्म 6 अप्रैल 1941 को हुआ था। उन्होंने कला संकाय में ग्रेजुएशन और कानून की पढ़ाई (LLB) की। पढ़ाई पूरी करने के बाद वे वकालत के पेशे से जुड़ गए। इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और साल 1972 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर मुलाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा। इस चुनाव में उन्होंने जीत दर्ज की और पहली बार विधायक बने।

2005 में भूपेंद्र हुड्डा सरकार में मंत्री बने

1977 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 1982 में उन्होंने कांग्रेस से अलग होकर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 1987 में वे फिर चुनाव हार गए, लेकिन 1991 में कांग्रेस के टिकट पर वापसी करते हुए तीसरी बार विधायक बने। 1996 और 2000 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार मिली। इसके बाद 2005 में उन्होंने मुलाना सीट से चौथी बार जीत दर्ज की और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री बने।

साढ़े 6 साल संभाली हरियाणा कांग्रेस की कमान

फूल चंद मुलाना के नाम हरियाणा कांग्रेस में सबसे लंबे समय तक प्रदेश अध्यक्ष रहने का रिकॉर्ड है। अगस्त 2007 में उन्हें हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने लगातार करीब साढ़े 6 साल तक इस पद की जिम्मेदारी संभाली। मुलाना के अध्यक्ष रहते हुए ही 2009 में हरियाणा विधानसभा चुनाव हुए थे। उस समय कांग्रेस ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में दोबारा सरकार बनाई थी। फरवरी 2014 में उनकी जगह अशोक तंवर को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।

पिता के बाद बेटे ने संभाली सियासी विरासत

फूल चंद मुलाना के बाद उनके बेटे वरुण चौधरी ने मुलाना विधानसभा सीट से राजनीतिक विरासत आगे बढ़ाई। वरुण ने 2014 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर मुलाना से विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। इसके बाद 2019 में उन्होंने भाजपा के राजबीर सिंह को 1,688 वोटों से हराकर पहली बार विधायक बने। करीब पांच साल विधायक रहने के बाद 2024 में कांग्रेस ने उन्हें अंबाला लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया। वरुण ने भाजपा की बंतो कटारिया को हराकर सांसद का चुनाव जीता और मुलाना विधानसभा सीट खाली हो गई।

इसके बाद कांग्रेस ने उनकी पत्नी पूजा चौधरी को मुलाना से टिकट दिया। पूजा ने भाजपा की संतोष चौहान सारवान को 12,865 वोटों से हराकर पहली बार विधायक बनीं।